चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में टिकट बंटते ही BJP में बगावत, पूर्व डिप्टी मेयर अनिल दुबे समेत कई नेताओं ने छोड़ी पार्टी
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर भाजपा में बगावत शुरू हो गई है। पूर्व डिप्टी मेयर अनिल दुबे समेत कई नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है और वरिष्ठ नेताओं पर भ्रष्टाचार व कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाया है।

टिकट घोषित होते ही भाजपा में बगावत।
HighLights
अनिल दुबे समेत कई नेताओं ने भाजपा छोड़ी
टिकट बंटवारे में भ्रष्टाचार, कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप
बागी प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की तैयारी
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव के लिए प्रत्याशियों की घोषणा होने के साथ ही भाजपा में बगावत शुरू हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व डिप्टी मेयर अनिल दुबे के त्यागपत्र देने के बाद कई अन्य नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है।
शहर के विभिन्न वार्ड में पार्टी छोड़ने वाले नेता बागी प्रत्याशी के रूप में नामांकन भरेंगे। भाजपा के पूर्व वरिष्ठ नेता देशराज गुप्ता के बेटे विकास गुप्ता भी पार्टी के खिलाफ चल पड़े हैं।
मौलीजागरा में शुक्रवार की देर रात अनिल दुबे ने अपने समर्थकों की जनसभा को संबोधित किया। दुबे ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को उधर किनार किया गया है जबकि दूसरी पार्टी से आए लोगों को प्राथमिकता दी गई है।
दुबे के साथ पार्टी छोड़ने वालों में भाजपा के ओबीसी मोर्चा के आईटी सेल इंचार्ज धीरज कुमार राजभर , ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव ओमप्रकाश यादव वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व जिला उपाध्य्क्ष महेन्द्रनाथ दुबे, भाजपा के पूर्वांचल प्रकोष्ट के पूर्व जिलाध्यक्ष अरविन्द दुबे शामिल है।
भाजपा ऑफिस में शहर के विभिन्न वार्ड से आए लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। वार्ड नंबर 27 के मंडल जी टीम ने भी विरोधस्वरूप चुनाव से दूरी बनाने का निर्णय लिया। यहां कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुई पार्षद को टिकट दी गई है।
वार्ड नंबर 21 से प्रत्याशी के चयन पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जाहिर की। पिछले 30 सालों से पार्टी के साथ जुड़े हुए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान सुखविंदर सिंह सुखी ने टिकट वितरण को गलत बताया।
सुखी की धर्मपत्नी पूनम इस वार्ड से टिकट की दावेदार थी। टिकट घोषणा के बाद उनके घर पहुंचे पार्टी के नेताओं को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।