यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 24, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव: कल शहर आएंगे दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, शहवासियों से करेंगे संवाद
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सभी वर्ग के लोगों से सीधा संवाद करेंगे और शहर से जुड़े तमाम मुद्दों को लेकर ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और आप आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया चंडीगढ़ आएंगे। सिसोदिया 25 नवंबर वीरवार को शहर के एक दिवसीय दौरे पर होंगे। इस दौरान सिसोदिया सेक्टर -31 स्थित सीआइआइ में आयोजित मैनिफेस्टो डायलॉग कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे से होगी जिसमें इंडस्ट्रलिस्ट, वकील, सीए समेत तमाम बुद्धिजीवी वर्ग के लोग शामिल होंगे।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सभी वर्ग के लोगों से सीधा संवाद करेंगे और शहर से जुड़े तमाम मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा करेंगे और उनके सुझाव लेंगे जिसके आधार पर दिसंबर में होने वाले नगर निगम चुनाव में आप आदमी पार्टी अपने मेनिफेस्टो को अंतिम रूप देगी। इसके अलावा सिसोदिया दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार के दिल्ली मॉडल की जानकारी देंगे।
दिसंबर अंत तक नियुक्त होंगे नए मनोनीत पार्षद
नगर निगम के अगले साल से शुरू होने वाले नए कार्यकाल के लिए प्रशासन की ओर से नए सिरे से मनोनीत पार्षद नियुक्त किए जाएंगे। इस साल दिसंबर तक प्रशासन की ओर से नए मनोनीत पार्षद नियुक्त किए जाएंगे, जिसके लिए अभी से कई दावेदारों ने लाबिंग शुरू कर दी है। पहले प्रशासन की ओर से किसी दल के नेता और पदाधिकारी को मनोनीत पार्षद नियुक्त नहीं किया जाता था। उस समय गैर राजनीतिक को ही मनोनीत पार्षद बनाया जाता था, लेकिन साल 2016 में ऐसा न करके भाजपा के नेताओ को भी मनोनीत पार्षद नियुक्त कर दिया गया। ऐसे में इस बार भी कई ऐसे प्रबल दावेदार जिन्हें भाजपा टिकट नहीं दे पाएगी उन्हें मनोनीत पार्षद नियुक्त करवाने का प्रयास करेगी।मनोनीत पार्षद बनने के लिए दावेदारों की ओर से केंद्रीय मंत्रियों से भी सिफारिश करवाई जाएगी। इस समय मनोनीत पार्षद बनने के लिए अलग अलग व्यापारी, रेजिडेंट्स, समाजसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी दौड़ में शामिल हैं। व्यापार मंडल में से भी एक को मनोनीत पार्षद बनाया जाएगा। इस समय व्यापार मंडल के अध्यक्ष चरणजीव सिंह मनोनीत पार्षद है। फासवेक और क्राफ्ड जैसी शहर की संस्थाएं भी कम से कम एक पदाधिकारी को मनोनीत बनाने की मांग कर रही हैं।
