चंडीगढ़: ड्राइवर के लिए काल बनी निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी, सफाई करते अचानक ऊपर से गिरी ट्रॉली, मौत
चंडीगढ़ में डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाली नगर निगम की गाड़ी के नीचे आकर चालक की मौत हो गई। हादसा आज दोपहर करीब 2 बजे हुए है। घटना सेक्टर-23 की है। मृतक की पहचान 27 वर्षीय नवजोत सिंह के रूप में हुई है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाली नगर निगम की गाड़ी के नीचे आकर चालक की मौत हो गई। हादसा आज दोपहर करीब 2 बजे हुए है। घटना सेक्टर-23 की है। मृतक की पहचान 27 वर्षीय नवजोत सिंह के रूप में हुई है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को जीएमएसएच-16 में पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। सेक्टर-22 चौकी पुलिस मामले की जांच करने के साथ लापरवाही किसकी भूमिका पर पड़ताल करने में लगी है। मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
जानकारी के अनुसार नवजोत नगर निगम की घर घर जाकर कूड़ा उठाने वाले गाड़ी में बतौर ड्राइवर की नौकरी करता था। रोजाना की तरह सेक्टर-23 में शुक्रवार दोपहर गाड़ी लेकर कूड़ा उठवाने पहुंचा था। नवजोत ने गाड़ी को स्टार्ट कर रखा था और ड्राइविंग सीट से उतरकर वह गाड़ी के पीछे सफाई करने लगा था। तभी अचानक गाड़ी का वह हिस्सा (ट्रॉली) जिसमें कूड़ा डाला जाता है वह उसके ऊपर गिर गए। चालक नवजोत का कमर से ऊपर का हिस्सा उसके बीच में फंस गया। आनन फानन में दूसरे कर्मचारी ने उसे निकालने का प्रयास किया लेकिन भारी भरकम ट्रॉली का हिस्से को वह उठा नहीं पाया। कुछ देर तक फंसे रहने के बाद ड्राइवर नवजोत की मौत हो गई। मृतक चालक नवजोत मूल रूप से पंजाब का रहने वाला था।
पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा
इससे पहले 27 मई 2020 को चंडीगढ़ नगर निगम में बतौर डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में ड्राइवर सुदेश कुमार की भी इसी तरह मौत हुई थी। सुदेश कुमार के परिवार की माली हालत को समझते हुए ड्राइवर यूनियन के उसके साथी कर्मचारियों ने अपने तौर पर फंड इकट्ठा कर परिवार को दिया था। वहीं इसी साल 29 मई को भी इसी तरह का हादसा हुआ था। उस हादसे में भी चालक की मौत हुई थी।