चंडीगढ़ निगम चुनाव का इंतजार खत्म, कल बजेगा बिगुल; नामांकन से लेकर मतदान की तारीख होगी तय
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव का कार्यक्रम 20 नवंबर को घोषित होगा, जिसमें नामांकन से लेकर मतदान तक की तारीखें तय ...और पढ़ें

राज्य चुनाव आयुक्त कल चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव का कार्यक्रम घोषित करेंगे। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
20 नवंबर को चंडीगढ़ निगम चुनाव कार्यक्रम की घोषणा।
नामांकन, मतदान की तारीखें होंगी तय, आचार संहिता लागू।
सभी 35 वार्डों में चुनाव, राजनीतिक हलचल तेज।
बलवान करिवाल, चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव का बिगुल शुक्रवार को बज जाएगा। नामांकन से लेकर मतदान की तारीख तय हो जाएगी। राज्य चुनाव आयोग ने नगर निगम के आम चुनाव का कार्यक्रम घोषित करने के लिए 20 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है।
राज्य चुनाव आयुक्त सेवानिवृत्त आईएएस विजय कुमार देव सुबह 11 बजे सेक्टर-6 स्थित यूटी स्टेट गेस्ट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करेंगे। इसके साथ ही शहर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो जाएंगी।
राजनीतिक दलों के साथ चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों की सक्रियता भी बढ़ जाएगी। नगर निगम के मौजूदा सदन का कार्यकाल सात जनवरी 2027 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में चुनाव आयोग की ओर से घोषित किया जाने वाला कार्यक्रम काफी महत्वपूर्ण है।
चुनाव की तारीखों, नामांकन प्रक्रिया, नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और मतदान की तिथि स्पष्ट होने के बाद राजनीतिक दलों को अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने का अवसर मिलेगा। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने की भी संभावना है।
चुनाव को देखते हुए भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। तीनों दलों में टिकट के दावेदारों ने नेताओं के साथ संपर्क बढ़ा दिया है। वार्डों में राजनीतिक समीकरणों, संभावित उम्मीदवारों और स्थानीय मुद्दों पर मंथन चल रहा है।
राजनीतक दलों में हचल तेज
भाजपा ने चुनावी प्रबंधन के लिए संगठन स्तर पर जिम्मेदारियां तय करनी शुरू कर दी हैं। वहीं कांग्रेस और आम आदमी पार्टी भी उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। कई वार्डों में एक से अधिक दावेदार होने के कारण टिकटों को लेकर राजनीतिक खींचतान भी देखने को मिल सकती है।
इस बार चुनाव शहर के सभी 35 वार्डों में होना है। वार्डों का आरक्षण और महिला सीटों का निर्धारण पहले ही किया जा चुका है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जाति महिला और सामान्य महिला सीटों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद दावेदारों ने अपने-अपने वार्डों में सक्रियता बढ़ा दी है।
सभी की नजरें आयोग की घोषणा पर टिकी
अब सभी की नजरें राज्य चुनाव आयोग की घोषणा पर टिकी हैं। चुनाव कार्यक्रम सामने आते ही शहर में वार्ड स्तर पर चुनाव प्रचार और राजनीतिक गतिविधियां जोर पकड़ेंगी। नगर निगम और यूटी प्रशासन की ओर से भी चुनाव को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति से लेकर मतदान केंद्रों की व्यवस्था तक की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। शुक्रवार को होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव कार्यक्रम के साथ मतदान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी सामने आएंगी।
नगर निगम चुनाव से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी
| विवरण | आंकड़े / जानकारी |
|---|---|
| कुल वार्ड | 35 |
| कुल मतदाता | 4,60,209 |
| पुरुष मतदाता | 2,34,516 |
| महिला मतदाता | 2,25,671 |
| थर्ड जेंडर मतदाता | 22 |
| एससी के लिए आरक्षित वार्ड | 7 |
| एससी महिला के लिए आरक्षित वार्ड | 3 |
| सामान्य महिला के लिए आरक्षित वार्ड | 9 |
| कुल महिला आरक्षित वार्ड | 12 |
| मौजूदा सदन का कार्यकाल | 7 जनवरी 2027 तक |
| चुनाव कार्यक्रम की घोषणा | 20 नवंबर, सुबह 11 बजे |
| प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थल | यूटी स्टेट गेस्ट हाउस, सेक्टर-6 |
नोट: मतदाता आंकड़े अंतिम मतदाता सूची के अनुसार हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।