विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंदरों के डर के साये में जी रहे चंडीगढ़वासी, जल्द राहत की उम्मीद; सेक्टर-27, 28 और 29 में चलेगा स्पेशल अभियान

Published: Sat, 07 Nov 2026 04:40 PM (IST)

चंडीगढ़ के सेक्टर-27, 28 और 29 में बंदरों के आतंक से परेशान लोगों को राहत देने के लिए एक विशेष ...और पढ़ें

सेक्टर-27, 28 और 29 में बंदरों का खौफ। (सांकेतिक फोटो)

सेक्टर-27, 28 और 29 में बंदरों का खौफ। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. सेक्टर 27, 28, 29 में बंदर पकड़ने का अभियान।

  2. पूर्व मेयर हरप्रीत कौर बबला ने दिए निर्देश।

  3. वन विभाग की टीम 10 घंटे करेगी कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-27, 28 और 29 में लोग बंदरों के डर के साये में जी रहे हैं। अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। वार्ड नंबर-10 की पार्षद एवं पूर्व मेयर हरप्रीत कौर बबला ने वन विभाग और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों को बंदरों को पकड़ने के लिए तत्काल प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में बंदरों को पकड़ने के लिए चार प्रशिक्षित सदस्यों की विशेष टीम तैनात करने का निर्णय लिया है।

टीम रोजाना सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक अभियान चलाएगी। इसके लिए विशेष पिंजरों की व्यवस्था की जाएगी। पकड़े गए बंदरों को सुरक्षित तरीके से दूसरे उपयुक्त स्थानों पर पहुंचाया जाएगा।

बबला ने कहा कि वार्ड नंबर-10 में बंदरों की बढ़ती संख्या के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। बंदर घरों और दुकानों में सामान को नुकसान पहुंचा रहे हैं और बच्चों तथा बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बने हुए हैं।

बंदरों के डर से कई लोग छतों और पार्कों में जाने से कतराते हैं। उन्होंने वन विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को समस्या के समाधान में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। स्थानीय निवासियों से भी रिहायशी क्षेत्रों में बंदरों को खाना न खिलाने की अपील की गई।

अधिकारियों के अनुसार, इससे बंदरों की संख्या और आबादी वाले क्षेत्रों में उनकी आवाजाही बढ़ती है। बबला ने कहा कि अभियान के पहले दिन ही क्षेत्र में बंदरों की गतिविधियों में कमी देखने को मिली।

वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि चार सदस्यीय टीम की तैनाती, पिंजरों के जरिए बंदरों को पकड़ने और नियमित निगरानी की व्यवस्था तब तक जारी रहेगी, जब तक लोगों को इस समस्या से पूरी तरह राहत नहीं मिल जाती।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।