विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोकल और बड़े चेहरों को मैदान में उतारने की तैयारी, चंडीगढ़ निगम चुनाव के लिए सभी दल करवा रहे सर्वे

Published: Sat, 07 Nov 2026 07:18 PM (GMT+05:30)

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल उम्मीदवारों के चयन के लिए सर्वे करवा रहे हैं। कांग्रेस और ...और पढ़ें

दिसंबर प्रस्तावित नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज। (सांकेतिक फोटो)

दिसंबर प्रस्तावित नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. नगर निगम चुनाव के लिए सभी दल उम्मीदवारों का सर्वे करवा रहे।

  2. कांग्रेस, आप स्थानीय चेहरों को प्राथमिकता, भाजपा बड़े नेताओं को मौका।

  3. अगले सप्ताह आएगी सर्वे रिपोर्ट, 20 नवंबर तक कांग्रेस घोषित करेगी प्रत्याशी।

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। दिसंबर प्रस्तावित नगर निगम चुनाव को लेकर दीवाली के बाद शहर की सियासत पूरी तरह गरमाने वाली है। चुनाव में इस बार सभी राजनीतिक दलों के सामने स्थानीय और बड़े चेहरों के बीच संतुलन बनाने की चुनौती रहेगी।

कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। तीनों दल अपने-अपने स्तर पर वार्डों में सर्वे करवा रहे हैं। सर्वे रिपोर्ट अगले सप्ताह आने की संभावना है। इसके आधार पर उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

चुनाव आचार संहिता भी 20 से 25 नवंबर के बीच लागू हो जाएगी। टिकट की घोषणा के साथ ही गुटबाजी भी उभरने की पूरी उम्मीद है।
कांग्रेस इस बार अधिक से अधिक स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की रणनीति पर काम कर रही है।

पार्टी का मानना है कि वार्ड में रहने वाले और स्थानीय समस्याओं से सीधे जुड़े चेहरे मतदाताओं तक बेहतर तरीके से पहुंच सकते हैं। कांग्रेस की चुनाव कमेटी की बैठक में शनिवार को टिकट वितरण और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई।

पार्टी की तैयारी 18 से 20 नवंबर तक करीब 15 उम्मीदवारों के नाम घोषित करने की है। टिकट के लिए स्थानीय पकड़, संगठन में सक्रियता और जनाधार को प्रमुख आधार बनाया जाएगा। कांग्रेस में लक्की, तिवारी और बंसल गुट अपने-अपने समर्थकों को टिकट दिलवाने का प्रयास कर रहा है, जबकि भाजपा में भी अध्यक्ष मल्होत्रा, टंडन, सूद और खेर गुट सक्रिय है।

भाजपा की रणनीति इससे कुछ अलग रहने की संभावना है। पार्टी अपने बड़े नेताओं, पूर्व पार्षदों, संगठन के पदाधिकारियों और शहर में पहचान रखने वाले प्रभावशाली चेहरों को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है।

पार्टी वार्ड स्तर पर सर्वे के साथ यह भी आकलन कर रही है कि किन सीटों पर बड़े चेहरे उतारने से संगठन को मजबूती मिलेगी। स्थानीय स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं और पुराने पार्षदों के दावों पर भी विचार किया जा रहा है।

आम आदमी पार्टी भी स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की तैयारी में है। पार्टी वार्डों में अपनी पकड़, संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता और स्थानीय मुद्दों पर उनकी भूमिका का आकलन करवा रही है। सर्वे के जरिए यह पता लगाने की कोशिश है कि किस वार्ड में कौन सा चेहरा पार्टी के लिए उपयुक्त रहेगा।

आप पिछले चुनाव में जीती हुई 14 सीटों पर ज्यादा जोर लगा रही है। 35 वार्डों वाले नगर निगम चुनाव में इस बार टिकट वितरण के साथ बागियों को संभालना भी राजनीतिक दलों के लिए चुनौती रहेगा।

कई वार्डों में एक से अधिक दावेदार होने के कारण सर्वे रिपोर्ट और संगठन की राय महत्वपूर्ण होगी। सफाई, पार्किंग, पानी, सड़कों, आवारा पशुओं और गांवों-काॅलोनियों की समस्याएं भी उम्मीदवारों के चयन में अहम भूमिका निभा सकती हैं।

 

इसी माह दो फेज में उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी। प्रयास है कि अन्य दलों से पहले ही उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाए। करीब 20 सीटों पर सहमति बन गई है, जिन पर कोई विवाद नहीं है। -एचएस लक्की, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।