चंडीगढ़ निगम चुनाव में प्रत्याशियों के लिए चुनौती बनेंगे 12 मुद्दे, वोटर्स का भरोसा न जीता तो दबेगा NOTA का बटन
चंडीगढ़ रेजिडेंट्स एसोसिएशन वेलफेयर फेडरेशन ने नगर निगम चुनाव में मतदाताओं से अपील की है कि वे पार्षद प्रत्याशियों की वार्ड समस्याओं को हल करने की क्षमता को परखें। यदि प्रत्याशी ठोस आश्वासन न दें, तो नोटा का विकल्प चुनें।

नगर निगम चुनाव के लिए 23 दिसंबर को मतदान। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
क्राफेड ने चंडीगढ़ निगम चुनाव के लिए 12 मांगें रखीं।
समस्याओं के समाधान क्षमता परखने को कहा।
ठोस आश्वासन न मिलने पर नोटा का विकल्प चुनने की सलाह।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। 23 दिसंबर को होने वाले नगर निगम चुनाव को लेकर चंडीगढ़ रेजिडेंट्स एसोसिएशन वेलफेयर फेडरेशन (क्राफेड) ने शहरवासियों से अपील की है कि वे पार्षद प्रत्याशी को वोट देने से पहले अपने वार्ड की मूलभूत समस्याओं और उनके समाधान की उसकी क्षमता को जरूर परखें।
यदि उन्हें लगे कि उनका प्रत्याशी इन समस्याओं को हल करने में सक्षम नहीं है और वह कोई ठोस आश्वासन नहीं दे रहा है, तो वे नोटा का विकल्प चुनने पर विचार करें।
क्राफेड के चेयरमैन हितेश पुरी ने कहा कि चुनाव केवल राजनीतिक वादों या व्यक्तिगत संबंधों के आधार पर नहीं, बल्कि शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और जवाबदेही के मुद्दों पर होना चाहिए। करीब 110 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) का प्रतिनिधित्व करने वाली क्राफेड ने नगर निगम चुनाव के लिए 12 सूत्रीय नागरिक मांगपत्र जारी किया है।
ये हैं क्राफेड की 12 प्रमुख मांगें
- शिकायतों का समयबद्ध समाधान: नागरिक शिकायतों के लिए प्रभावी ऑनलाइन व्यवस्था, शिकायत ट्रैकिंग और समाधान की निश्चित समयसीमा हो।
- नगर निगम के बजट में पारदर्शिता: वार्डवार बजट, विकास कार्यों पर खर्च, ठेकेदारों की जानकारी और परियोजनाओं की स्थिति सार्वजनिक की जाए।
- बेहतर बुनियादी सुविधाएं: सड़कों, फुटपाथों, सीवरेज, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक शौचालयों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित हो।
- वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन: घर-घर से कचरा उठाने, गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण, रीसाइक्लिंग और वैज्ञानिक निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था हो।
- चंडीगढ़ की हरियाली की सुरक्षा: पार्कों, ग्रीन बेल्ट और खुले स्थानों को सुरक्षित रखा जाए। रिहायशी क्षेत्रों में बदलाव से पहले स्थानीय निवासियों से परामर्श हो।
- पानी और सीवरेज व्यवस्था: नियमित जलापूर्ति, पर्याप्त प्रेशर, पानी की गुणवत्ता की निगरानी और सीवरेज की समय पर मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
- पार्किंग और ट्रैफिक प्रबंधन: प्रत्येक वार्ड के लिए पार्किंग योजना बने। रिहायशी क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या का समाधान पैदल यात्रियों और हरित क्षेत्रों को नुकसान पहुंचाए बिना किया जाए।
- टैक्स और नगर निगम शुल्क में पारदर्शिता: सभी टैक्स और यूजर चार्ज उचित एवं पारदर्शी हों। किसी भी बड़ी बढ़ोतरी से पहले नागरिकों की राय ली जाए।
- पार्कों और सार्वजनिक स्थलों का रखरखाव: पार्कों, कम्युनिटी सेंटरों और सार्वजनिक सुविधाओं के रखरखाव की जिम्मेदारी तय हो।
- बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगों की सुविधाएं: फुटपाथों पर रैंप, सुरक्षित क्रॉसिंग, बैठने की व्यवस्था और सुलभ सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध करवाए जाएं।
- आरडब्ल्यूए की भागीदारी: नगर निगम और आरडब्ल्यूए के बीच नियमित संवाद की व्यवस्था हो। विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने और उनकी निगरानी में निवासियों की भागीदारी सुनिश्चित हो।
- पार्षदों की त्रैमासिक रिपोर्ट: प्रत्येक निर्वाचित पार्षद अपने वार्ड में शिकायतों, विकास कार्यों, खर्च और लंबित समस्याओं पर हर तीन महीने में सार्वजनिक रिपोर्ट जारी करे।
राजनीतिक दलों से भी मांगा जवाब
हितेश पुरी ने कहा कि क्राफेड चाहती है कि सभी राजनीतिक दल नगर निगम चुनाव के लिए अलग से अपना घोषणा पत्र जारी करें और इन 12 मांगों को उसमें शामिल करें। प्रत्येक प्रत्याशी अपने वार्ड के लिए लिखित, समयबद्ध आश्वासन दे। साथ ही यह भी स्पष्ट करे कि कार्यों के लिए बजट कहां से आएगा और उन्हें लागू करने की जिम्मेदारी किस विभाग या प्राधिकरण की होगी।
उन्होंने कहा कि शहरवासियों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि पारदर्शिता, जवाबदेही और जमीन पर दिखाई देने वाला विकास चाहिए। क्राफेड का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का समर्थन या विरोध करना नहीं, बल्कि नागरिक हितों को चुनाव का मुख्य मुद्दा बनाना है।
हमारी मांग सत्ता नहीं, जवाबदेही है। शहरवासियों को अपने वोट का इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए और प्रत्याशी से उसकी कार्ययोजना तथा पुराने कामकाज के आधार पर सवाल पूछने चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।