विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Chandigarh MC Election: कांग्रेस में हर वार्ड से 4 से 5 दावेदार, किसको टिकट-किसका कटेगा पत्ता? दीवाली के बाद बजेंगे पटाखे

Published: Tue, 03 Nov 2026 03:03 PM (IST)

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव दिसंबर में होने की संभावना है, जिसके लिए कांग्रेस में हर वार्ड से 4-5 दावेदार हैं। ...और पढ़ें

चुनाव प्रचार कमेटी में सांसद मनीष तिवारी और प्रदेश अध्यक्ष एचएस लकी।

चुनाव प्रचार कमेटी में सांसद मनीष तिवारी और प्रदेश अध्यक्ष एचएस लकी।

HighLights

  1. निगम चुनाव दिसंबर में संभावित।

  2. कांग्रेस में हर वार्ड से कई दावेदार।

  3. दीवाली बाद शुरू होगा टिकट वितरण।

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव दिसंबर में हो सकते हैं, जिसके लिए कांग्रेस में हर वार्ड से चार से पांच दावेदारी जता रहे हैं। किसको टिकट मिलेगा और किसका पत्ता कटेगा, यह दीवाली के बाद स्पष्ट होना शुरू हो जाएगा। पार्टी की कोशिश है कि 15 से 20 नवंबर के बीच करीब 50 प्रतिशत टिकटों का वितरण कर दिया जाए

टिकट वितरण और घोषणा पत्र समेत कई अहम मुद्दों पर मंगलवार को पार्टी की चुनाव प्रचार कमेटी की पहली बैठक में चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि कांग्रेस इस बार अन्य राजनीतिक दलों के मुकाबले अपने उम्मीदवारों की घोषणा पहले करेगी, ताकि अपने-अपने वार्ड में प्रचार के लिए पर्याप्त समय मिल सके। यानी टिकट मिलने पर बजने वाले पटाखे दीवाली के बाद बजेंगे।

चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लकी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सांसद मनीष तिवारी भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर निर्णय लिया कि पार्टी का एक घोषणा पत्र पूरे शहर के लिए तैयार किया जाएगा।

इसके साथ ही प्रत्येक वार्ड का अलग घोषणा पत्र भी होगा, जिसे संबंधित उम्मीदवार अपने वार्ड की जरूरतों और स्थानीय समस्याओं को ध्यान में रखते हुए तैयार करेगा। इससे शहर के व्यापक मुद्दों के साथ वार्ड स्तर की समस्याओं को भी चुनाव प्रचार में प्रमुखता से उठाया जा सकेगा। 

हर घर में तीन बार पहुंचने की रणनीति

कांग्रेस ने इस बार नकारात्मक प्रचार के बजाय सकारात्मक चुनाव अभियान चलाने पर जोर दिया है। इसके तहत नुक्कड़ बैठकों की संख्या बढ़ाने और अधिक से अधिक डोर-टू-डोर प्रचार करने का निर्णय लिया गया। पार्टी का लक्ष्य है कि प्रत्येक उम्मीदवार अपने वार्ड के हर घर में कम से कम तीन बार पहुंचे। इसके माध्यम से लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को समझने पर जोर रहेगा।

पांच साल के काम दूसरे वार्डों में भी होंगे प्रचारित

बैठक में पिछले पांच वर्षों के दौरान कांग्रेस के पार्षदों की ओर से किए गए कार्यों की समीक्षा और उन्हें प्रचारित करने पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि जिन वार्डों में कांग्रेस पार्षदों ने विकास कार्य करवाए हैं, उनकी जानकारी केवल संबंधित वार्ड तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दूसरे वार्डों में भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। पार्टी इन कार्यों को अपने चुनाव प्रचार का हिस्सा बनाएगी।

हर वार्ड से कई दावेदार, सर्वे रिपोर्ट अगले सप्ताह

एचएस लकी के अनुसार, प्रत्येक वार्ड से चार से पांच दावेदारों के नाम सामने आए हैं। सभी दावेदार अपनी-अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। पार्टी अपने स्तर पर भी सर्वे करवा रही है, जिसकी रिपोर्ट अगले सप्ताह आने की उम्मीद है।

उम्मीदवारों के चयन में इस सर्वे को भी ध्यान में रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि अलग-अलग उम्मीदवारों और चुनावी परिस्थितियों को देखते हुए स्टार प्रचारकों की सूची भी तैयार की जाएगी। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।