चंडीगढ़ निगम चुनाव में गठबंधन पर असमंजस, भाजपा-अकाली दल अलग रहे तो फिर बिगड़ सकता है सियासी गणित
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन शुरू होने से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन पर असमंजस बरकरार है। पिछले चुनावों के आंकड़ों से पता चलता है कि गठबंधन न होने से दोनों दलों को नुकसान हो सकता है।

नगर निगम चुनाव के लिए 26 नवंबर से नामांकन। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
भाजपा-अकाली दल गठबंधन पर नामांकन से पहले असमंजस।
पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को गठबंधन न होने से हार।
2016 में गठबंधन से मिली थी बड़ी चुनावी जीत।
राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव के लिए 26 नवंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, लेकिन भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी चंडीगढ़ आए, लेकिन उनके दौरे के बाद भी अकाली दल के साथ गठबंधन को लेकर कोई संकेत नहीं मिला। इससे दोनों दलों के नेताओं और टिकट के दावेदारों में असमंजस बना हुआ है।
गठबंधन नहीं होने का खामियाजा भाजपा को पिछले लोकसभा चुनाव में भी भुगतना पड़ा था। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के संजय टंडन कांग्रेस के मनीष तिवारी से महज 2504 वोटों से हार गए थे। ऐसे में अकाली दल के समर्थन और उसके परंपरागत वोट बैंक को भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
2021 में अलग-अलग लड़े
वर्ष 2021 के नगर निगम चुनाव में भाजपा और अकाली दल अलग-अलग मैदान में उतरे थे। भाजपा ने सभी 35 वार्डों में चुनाव लड़ा और 12 सीटें जीतीं, जबकि अकाली दल ने 14 वार्डों में उम्मीदवार उतारकर एक सीट जीती।
चुनाव में भाजपा को 1,13,045 वोट (29.30 प्रतिशत), कांग्रेस को 1,14,942 वोट (29.79 प्रतिशत), आम आदमी पार्टी को 1,04,471 वोट (27.08 प्रतिशत) और अकाली दल को 10,744 वोट (2.78 प्रतिशत) मिले थे।
चुनाव आयोग के वार्डवार आंकड़ों का विश्लेषण करें तो चार वार्ड ऐसे सामने आते हैं, जहां दोनों दलों के वोट जोड़ने पर नतीजा बदल सकता था। वार्ड नंबर एक में भाजपा को 2310 और अकाली दल को 1305 वोट मिले थे।
दोनों के कुल 3615 वोट आम आदमी पार्टी के 3319 वोट से अधिक थे। वार्ड नंबर दो में भाजपा के 2072 और अकाली दल के 249 वोट मिलाकर 2321 होते, जबकि कांग्रेस को 2061 वोट मिले थे।
इसी तरह वार्ड नंबर 22 में भाजपा को 2636 और अकाली दल को 283 वोट मिले थे। दोनों का कुल आंकड़ा 2919 होता, जबकि आप को 2712 वोट मिले थे। वार्ड नंबर 25 में भाजपा के 3662 और अकाली दल के 514 वोट मिलाकर 4176 होते, जबकि आप को 3977 वोट मिले थे।
2016 में गठबंधन का मिला था बड़ा फायदा
इससे पहले 2016 के नगर निगम चुनाव में भाजपा और अकाली दल गठबंधन करके मैदान में उतरे थे। उस समय कुल 26 सीटों में से भाजपा ने 22 और अकाली दल ने चार सीटों पर चुनाव लड़ा था।
गठबंधन ने 21 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था। इनमें भाजपा के 20 और अकाली दल का एक पार्षद शामिल था। कांग्रेस को चार और एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार को मिली थी।
अब 2026 के चुनाव में दोनों दलों के सामने पुराना प्रदर्शन दोहराने की चुनौती है। भाजपा के लिए अकाली दल का समर्थन खासकर उन वार्डों में महत्वपूर्ण हो सकता है, जहां सिख और पंजाबी मतदाताओं की संख्या निर्णायक है।
वहीं अकाली दल भी अपनी राजनीतिक जमीन और सीटों पर दावेदारी बनाए रखना चाहता है। ऐसे में नामांकन शुरू होने से पहले गठबंधन पर फैसला दोनों दलों की चुनावी रणनीति की दिशा तय करेगा।
महत्वपूर्ण चुनावी आंकड़े
- 2016 में गठबंधन को 26 में से 21 सीटें मिली थीं।
- 2021 में भाजपा और अकाली दल को मिलाकर 13 सीटें मिलीं।
- 2021 के वार्ड 1, 2, 22 और 25 में दोनों के वोट जोड़ने पर विजेता बदल सकता था।2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा 2504 वोटों से हारी थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।