चंडीगढ़ नगर निगम का छठ पूजा स्थलों पर सुविधाएं बढ़ाने पर जोर, बजट में 5 गुना किया इजाफा
चंडीगढ़ नगर निगम की फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी ने छठ पूजा स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं के प्रस्ताव को मंजूरी दी ...और पढ़ें

एफएंडसीसी ने दी प्रस्ताव को मंजूरी।
HighLights
छठ पूजा स्थलों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्थाएं होंगी सुनिश्चित।
गुलदाउदी शो के लिए 29.83 लाख रुपये का बजट मंजूर।
सफाई कर्मियों के लिए सैनिटेशन बूथ, सार्वजनिक शौचालय नवीनीकरण।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। नगर निगम की फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी (एफएंडसीसी) ने शहर की विभिन्न कॉलोनियों और गांवों में छठ पूजा के आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। बजट 10 से बढ़ाकर 50 लाख कर दिया है
इसके तहत पूजा स्थलों पर साफ-सफाई, सैनिटेशन, नागरिक सुविधाओं, सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मेयर सौरभ जोशी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में कई विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। बैठक में नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार, स्पेशल कमिश्नर हरप्रीत सिंह सुदन और निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
29.83 लाख से होगा गुलदाउदी शो
कमेटी ने दिसंबर 2026 में आयोजित होने वाले गुलदाउदी शो के लिए 29.83 लाख रुपये का बजट मंजूर किया। इसके अलावा मनीमाजरा की इंदिरा कॉलोनी ग्रीन बेल्ट में फव्वारा लगाने, एलईडी लाइटें और म्यूजिक सिस्टम लगाने के लिए 12.03 लाख रुपये मंजूर किए गए।
इसी ग्रीन बेल्ट के विभिन्न हिस्सों में टो-वॉल, एमएस फ्लैट रेलिंग और गेट की मरम्मत व पेंटिंग तथा वॉकिंग ट्रैक की मरम्मत पर 13.04 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
सफाई कर्मियों की सुविधाओं पर खर्च
गांव बड़हेड़ी सेक्टर-41 में सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक के नवीनीकरण के लिए 9.97 लाख रुपये मंजूर किए गए। सेक्टर-44 के एसएसके में सफाई कर्मचारियों के लिए सैनिटेशन बूथ बनाने पर 32.45 लाख रुपये खर्च होंगे।
सेक्टर-18डी में इलेक्ट्रॉनिक मार्केट के पीछे बूथ नंबर-24 के पास सार्वजनिक शौचालय के नवीनीकरण के लिए 16.60 लाख रुपये और सेक्टर-37डी की राजीव मार्केट में पुराने सार्वजनिक शौचालय की मरम्मत के लिए 18.69 लाख रुपये मंजूर किए गए।
इसके अलावा मनीमाजरा सेक्टर-13 के पॉकेट नंबर-6 स्थित सरकारी मॉडल मिडिल स्कूल के सामने 80 एमएम पेवर ब्लॉक सड़क बनाने के लिए 17.52 लाख रुपये मंजूर किए गए।
वार्ड नंबर-25 के सेक्टर-37 और 38 में विभिन्न स्थानों पर लाइटें लगाने के लिए 20.25 लाख रुपये की मंजूरी दी गई। कमेटी ने गांव दरिया में हरीश ढाबा के पास स्थित पुराने ट्यूबवेल चैंबर को गिराने की अनुमति भी प्रदान की। कुल 10 विकास कार्यों और आयोजनों से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।