विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पार्षद नहीं, डीसी संभालेंगे पीठासीन अधिकारी की जिम्मेदारी; चंडीगढ़ में मेयर चुनाव प्रक्रिया में बड़ा बदलाव

Published: Sat, 14 Nov 2026 01:52 PM (GMT+05:30)

चंडीगढ़ मेयर चुनाव प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है, अब डीसी पीठासीन अधिकारी होंगे। यह निर्णय अनिल मसीह प्रकरण ...और पढ़ें

मेयर चुनाव कराने से लेकर परिणाम घोषित करने तक की जिम्मेदारी डीसी के पास रहेगी। (सांकेतिक फोटो)

मेयर चुनाव कराने से लेकर परिणाम घोषित करने तक की जिम्मेदारी डीसी के पास रहेगी। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. मेयर चुनाव में अब डीसी संभालेंगे पीठासीन अधिकारी की जिम्मेदारी।

  2. अनिल मसीह प्रकरण के बाद निष्पक्षता हेतु यह बदलाव किया गया।

  3. पारदर्शिता और विश्वसनीयता मजबूत करने के लिए यह महत्वपूर्ण कदम।

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम के आगामी चुनावों के बाद होने वाले मेयर चुनाव में इस बार एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिलेगा। अब मेयर चुनाव की पूरी प्रक्रिया किसी मनोनीत पार्षद या निर्वाचित पार्षद की अध्यक्षता में नहीं होगी।

चंडीगढ़ के उपायुक्त (डीसी) को पीठासीन अधिकारी (प्रेजाइडिंग ऑफिसर) की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। यानी मेयर चुनाव कराने से लेकर मतदान की प्रक्रिया और परिणाम घोषित करने तक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी डीसी के पास रहेगी।

प्रशासन की ओर से इस व्यवस्था में बदलाव का उद्देश्य मेयर चुनाव की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता को मजबूत करना है। पहले मेयर चुनाव के दौरान किसी मनोनीत पार्षद को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया जाता था।

चुनावी बैठक की अध्यक्षता करता था और मतदान से लेकर चुनाव परिणाम तक की प्रक्रिया संचालित करता था। हालांकि, इस व्यवस्था को लेकर कई बार राजनीतिक पक्षपात और राजनीतिक दलों के नेताओं के प्रभाव में काम करने के आरोप लगते रहे हैं। मनोनीत पार्षदों की राजनीतिक निष्पक्षता को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं।

अनिल मसीह प्रकरण के बाद बदलाव की जरूरत महसूस हुई

चंडीगढ़ में 30 जनवरी 2024 को हुए मेयर चुनाव के दौरान पीठासीन अधिकारी रहे अनिल मसीह पर मतपत्रों से छेड़छाड़ करने के आरोप लगे थे। यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था।

शीर्ष अदालत ने चुनाव प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं पर गंभीर सवाल उठाते हुए परिणाम को पलट दिया था और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप कुमार को विजेता घोषित किया था। इस घटना ने न केवल चंडीगढ़ बल्कि देशभर में स्थानीय निकायों के चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर बहस छेड़ दी थी।

ऐसे में अब पीठासीन अधिकारी की जिम्मेदारी किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले पार्षद के बजाय प्रशासनिक अधिकारी को देने का फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डीसी के पास प्रशासनिक अधिकार और चुनावी प्रक्रिया का अनुभव होने के कारण राजनीतिक दबाव और पक्षपात की आशंकाओं को कम करने में मदद मिल सकती है।

गुप्त मतदान भी हो चुका है बंद

मेयर चुनाव की प्रक्रिया में यह दूसरा बड़ा बदलाव है। पहले पार्षद गुप्त मतदान के जरिए मेयर चुनते थे, लेकिन अब हाथ उठाकर मतदान करने की व्यवस्था लागू की जा चुकी है। इससे प्रत्येक पार्षद का वोट सार्वजनिक रूप से सामने आता है। कौन पार्षद किस उम्मीदवार के पक्ष में मतदान कर रहा है, यह स्पष्ट हो जाता है।

इस बदलाव से क्रॉस वोटिंग और मतदान के बाद मतों की गिनती को लेकर पैदा होने वाले विवादों की गुंजाइश कम करने का प्रयास किया गया है। हालांकि, खुला मतदान पार्षदों की पसंद को सार्वजनिक करता है, इसलिए उनकी स्वतंत्र मतदान करने की क्षमता और किसी संभावित राजनीतिक दबाव से सुरक्षा भी महत्वपूर्ण होगी।

कुल मिलाकर, चंडीगढ़ में मेयर चुनाव की व्यवस्था अब पहले से काफी अलग होगी। पीठासीन अधिकारी के रूप में डीसी की नियुक्ति और हाथ उठाकर मतदान की प्रक्रिया का उद्देश्य चुनाव को विवादों से दूर रखना है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि नई व्यवस्था आगामी मेयर चुनाव में कितनी पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित कर पाती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।