चंडीगढ़ की मार्केट्स में स्टाॅल की होगी चेकिंग, फर्जी पर्चियों का मामला सामने आने के बाद निगम का फैसला
चंडीगढ़ नगर निगम ने बाजारों में अस्थायी स्टालों की रैंडम चेकिंग के निर्देश दिए हैं। यह फैसला सेक्टर-22 में फर्जी ...और पढ़ें

शहर के बाजारों में त्योहारों के दौरान लगाए जा रहे अस्थायी स्टाॅल। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
कमिश्नर ने एंफोर्समेंट इंस्पेक्टरों को दिए सख्त निर्देश।
सेक्टर-22 में फर्जी पर्चियों पर चल रहे स्टाॅल्स का खुलासा।
त्योहारों के सीजन में अवैध स्टालों पर होगी कड़ी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शहर के बाजारों में त्योहारों के दौरान लगाए जा रहे अस्थायी स्टाॅल में फर्जीवाड़े का मामला सामने आने के बाद नगर निगम हरकत में आ गया है। नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने एंफोर्समेंट विंग को शहर के सभी बाजारों में अस्थायी स्टाॅल की रैंडम चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं।
खासतौर पर एंफोर्समेंट इंस्पेक्टरों को स्पष्ट किया गया है कि बिना मंजूरी या फर्जी पर्ची के आधार पर एक भी स्टाॅल नहीं लगना चाहिए। ऐसे मामले सामने आने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। दरअसल, सेक्टर-22 के बाजार में जांच के दौरान निगम अधिकारियों ने कुछ ऐसे स्टाॅल पकड़े थे, जिनके संचालकों के पास नगर निगम की पर्चियां भी थीं।
हालांकि, जांच में ये पर्चियां फर्जी पाई गईं। इस मामले में नगर निगम की ओर से पुलिस में केस भी दर्ज करवाया गया है। इन स्टाॅल संचालकों से फीस भी वसूली गई थी। ऐसे में अब निगम प्रशासन को आशंका है कि दूसरे बाजारों में भी इसी तरह फर्जी पर्चियों के आधार पर स्टाॅल लगाए जा सकते हैं।
गौरतलब है कि त्योहारों के सीजन में नगर निगम ने बाजारों में अस्थायी स्टाल लगाने की मंजूरी दी थी। शुरुआत में इसके लिए ऑनलाइन आवेदन और मंजूरी की व्यवस्था भी की गई थी, लेकिन व्यापारियों के विरोध के बाद आनलाइन प्रक्रिया रोक दी गई। इसके बाद ऑफलाइन पर्ची काटकर ही स्टाॅल लगाने की मंजूरी देने की व्यवस्था अपनाई गई।
उस समय यह मांग भी उठी थी कि अस्थायी स्टाल लगाने की अनुमति संबंधित बाजारों के दुकानदारों को ही दी जानी चाहिए, ताकि बाहरी लोगों के कारण बाजारों में अव्यवस्था न फैले। इसके बावजूद शहर के बाजारों में फुटपाथ, पार्किंग स्थलों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर बड़ी संख्या में अस्थायी स्टाल नजर आ रहे हैं।
ऐसे में आम लोगों और दुकानदारों के लिए यह पहचानना आसान नहीं है कि कौन सा स्टाल नगर निगम की मंजूरी से लगाया गया है और कौन बिना अनुमति के चल रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।