न सड़क ठीक और ना ही साफ-सफाई...चंडीगढ़ सब्जी मंडी की हालत देख प्रशासक नाराज; नपेंगे लापरवाह अफसर
चंडीगढ़ की सेक्टर-26 मंडी में सड़कों, साफ-सफाई और सीवरेज की खराब हालत देख प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने नाराजगी जताई। उन्होंने लापरवाह अफसरों और कर्मचारियों पर कार्रवाई के आदेश दिए।

प्रशासक ने मंडी में तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की।
HighLights
डेढ़ साल में प्रशासक का मंडी में चौथा दौरा।
मंडी की खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त की।
बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान देने के आदेश।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-26 मंडी में न तो सड़कें ठीक हैं और ना ही साफ-सफाई है। सीवरेज व्यवस्था का भी बुरा हाल है। यूटी प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने वीरवार को अचानक मंडी पहुंचे और वहां की हालत देखकर नाराजगी प्रकट की।
प्रशासक ने लापरवाही अफसरों और कर्मचारियों पर कार्रवाई के आदेश दिए। करीब डेढ़ साल में प्रशासक का मंडी में चौथा दौरा था। उन्होंने मंडी के सार्वजनिक शौचालयों का भी निरीक्षण किया और उनकी खराब स्थिति पर नगर निगम के अधिकारियों को नियमित सफाई और उचित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी में आने वाले व्यापारियों और लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रशासक ने मार्केट कमेटी कार्यालय का भी दौरा किया। कार्यालय वर्तमान में एक निजी भवन में चल रहा है।
इस दौरान उन्होंने मंडी में तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की। देर से आने और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के साथ ही काम संतोषजनक नहीं करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों को बदलने के भी निर्देश दिए। इससे मंडी में कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने का संदेश दिया गया।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ सेक्टर-26 मंडी में कितनी सफाई? तस्वीरों से होगा सच का खुलासा; हाईकोर्ट ने मांगे ताजा फोटो
अब तक की कार्रवाई पर रिपोर्ट मांगी
कटारिया ने मंडी की सड़कों की री-कारपेटिंग और सीवरेज से जुड़े काम निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा। उन्होंने यूटी के मुख्य अभियंता सीबी ओझा को मंडी में विकास कार्यों को लेकर इंजीनियरिंग विभाग की ओर से अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी।
दौरे के दौरान उपायुक्त निशांत कुमार यादव और मार्केटिंग बोर्ड के सचिव डी. कार्तिकेयन भी मौजूद रहे। प्रशासक के निर्देश पर दोनों अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया था।
