चंडीगढ़ सेक्टर-28 की ITI का 20 उद्योगों से समझौता, 498 छात्र सम्मानित; जॉब के भरपूर अवसर
चंडीगढ़ के सेक्टर-28 स्थित सरकारी आईटीआई में 5वां कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ, जहां प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने 498 सफल प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया। संस्थान ने 20 उद्योगों से समझौता कर छात्रों के लिए रोजगार के भरपूर अवसर सुनिश्चित किए हैं।

सेक्टर-28 स्थित आईटीआई में 5वें कौशल दीक्षांत समारोह।
HighLights
5वां कौशल दीक्षांत समारोह सफलतापूर्वक संपन्न।
प्रशासक ने प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया।
संस्थान में 22 ट्रेडों में दिया जा रहा प्रशिक्षण।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-28 स्थित सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शनिवार को 5वें कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने 2026 में 498 सफल प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया।
यह समारोह देशभर में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह का हिस्सा था, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। कटारिया ने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का कौशल विकास बहुत जरूरी है।
वर्ष 1962 में स्थापित सरकारी आईटीआई की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संस्थान में 22 ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है और इस वर्ष सभी सीटों पर 100 प्रतिशत दाखिले हुए हैं।
संस्थान ने 20 उद्योगों के साथ समझौते किए हैं और 32 अन्य संस्थानों के साथ भी जुड़कर काम कर रहा है, जिससे प्रशिक्षुओं के लिए रोजगार के भरपूर अवर है। इस अवसर पर मेधावी प्रशिक्षुओं को पुरस्कार और नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
नकद पुरस्कार भी दिए गए
कोपा ट्रेड के संदीप कुमार और मुस्कान ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया और उन्हें 5,100-5,100 रुपये दिए गए। अभय प्रताप सिंह ने दूसरा स्थान प्राप्त कर 3,100 रुपये का पुरस्कार हासिल किया, जबकि स्टेनो इंग्लिश ट्रेड में राधिका और करण ने तीसरा स्थान प्राप्त कर 2,100-2,100 रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया।