चंडीगढ़ से आईफोन और नकदी चोरी, अमृतसर से मिलने आए दोस्त पर शक; लोकेशन मंडी गोबिंदगढ़ की मिली
चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में एक घर से आईफोन और नकदी चोरी हो गई, जिसमें अमृतसर से आए दोस्त मनदीप पर चोरी का आरोप है। पुलिस जांच में चोरी हुए आईफोन की लोकेशन मंडी गोबिंदगढ़ में मिली है और संदिग्ध की तलाश जारी है।

आईफोन और उसमें चल रहे नंबर की लोकेशन मंडी गोबिंदगढ़ की मिली है।
HighLights
चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में चोरी की वारदात।
घर में रखी सोने की चेन सुरक्षित मिली।
पुलिस ने आईफोन सर्विलांस पर लगाया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-46 के एक मकान से आईफोन और नकदी चोरी हो गई। पंजाब के अमृतसर से मिलने आए दोस्त पर चोरी का आरोप है। मोबाइल फोन की लोकेशन मंडी गोबिंदगढ़ की मिली है। पुलिस में शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता 24 वर्षीय जसविंदर सिंह ने बताया कि वह मकान नंबर 4163 में रहता है। अमृतसर से उसका दोस्त मनदीप मिलने आया था। कुछ देर बाद सफेद रंग का आईफोन-13 और कुछ नकदी गायब मिली। हालांकि, घर में सोने की चेन भी रखी थी, जोकि सुरक्षित मिली।
जसविंदर ने बताया कि घटना के बाद से मनदीप का मोबाइल फोन बंद आ रहा है और वह लगातार संपर्क से बाहर है। उसे पूरा शक है कि मनदीप ही उसका आईफोन और नकदी लेकर चला गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आईफोन को सर्विलांस पर लगाया, जिसमें उसकी लोकेशन मंडी गोबिंदगढ़ में मिली। वहीं, जिस मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया जा रहा है, वह राकेश धीमान नामक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत पाया गया है, जो मंडी गोबिंदगढ़ का निवासी है।
सूचना मिलने पर सेक्टर-34 थाना के जांच अधिकारी एएसआई दीपांशु मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस संदिग्ध की तलाश में जुटी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।