वीजा दिलाने के नाम पर 1.01 करोड़ की ठगी, चंडीगढ़ में तीन इमिग्रेशन कंपनियों के खिलाफ केस दर्ज
चंडीगढ़ पुलिस ने विदेश भेजने का झांसा देकर लोगों से 1.01 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाली तीन इमिग्रेशन कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इन मामलों में सेक्टर-17 और सेक्टर-34 स्थित कंपनियों के संचालकों पर धोखाधड़ी का आरोप है।

विदेश भेजने के नाम पर ठगी केस में एफआईआर। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
चंडीगढ़ में तीन इमिग्रेशन कंपनियों पर धोखाधड़ी का आरोप।
विदेश भेजने के नाम पर 1.01 करोड़ रुपये की ठगी।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। विदेश भेजने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाली इमिग्रेशन कंपनियों के खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस ने तीन अलग-अलग एफआइआर दर्ज की हैं। तीनों मामलों में आरोपितों पर कुल 1.01 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप है। इनमें दो मामले सेक्टर-17 और एक मामला सेक्टर-34 स्थित इमिग्रेशन कंपनी से जुड़ा है।
पुलिस ने शिकायतों के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में फतेहगढ़ साहिब निवासी हरीदास ने पुलिस को शिकायत दी कि सेक्टर-17 स्थित में एक इमिग्रेशन कंपनी चलाने वाले डेविड अरोड़ा, बिरेंद्र पाल सिंह, रोहित, सेठी और अन्य लोगों ने उन्हें वीजा दिलाने का झांसा दिया।
आरोपितों ने उनसे 82 लाख रुपये ले लिए, लेकिन वीजा नहीं दिलाया। इस शिकायत पर सेक्टर-17 पुलिस थाने में बीएनएस की धाराओं 316(2), 318(4), 61(2) और इमिग्रेशन एक्ट की धारा 24 के तहत एफआइआर दर्ज की गई है।
दूसरे मामले में पंजाब के जगराओं निवासी गुरनाम सिंह ने इमिग्रेशन साल्यूशंस के संचालक विकास शर्मा और अन्य लोगों पर 14.82 लाख की ठगी का आरोप लगाया है। तीसरे मामले में रोपड़ निवासी सचिन शर्मा ने सेक्टर-34 स्थित इवोक वीजा कोर्ट के मालिक और अन्य लोगों पर चार लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है।