विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दहल उठता चंडीगढ़ सेक्टर-43 का बस अड्डा, पुलिस ने बब्बर खालसा के आतंकी की साजिश को किया था नाकाम

By Ravi Atwal Edited By: Sohan Lal
Published: Sat, 21 Nov 2026 07:48 PM (IST)

चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर-43 बस स्टैंड से आईईडी बरामदगी मामले में लवप्रीत और जश्नदीप के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इस साजिश के पीछे विदेश में बैठे बब्बर खालसा इंटरनेशनल के हैंडलर सत्ता नौशेरा का हाथ बताया जा रहा है, जिसकी योजना पुलिस ने नाकाम कर दी थी।

जिला अदालत में चार्जशीट दाखिल। (सांकेतिक फोटो)

जिला अदालत में चार्जशीट दाखिल। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. - सेक्टर-43 बस स्टैंड से आईईडी बरामदगी का मामला।

  2. पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट।

  3. विदेश में बैठे हैंडलर की साजिश पुलिस ने की थी नाकाम।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे टिफिन बम रखकर सेक्टर-43 स्थित बस स्टैंड को दहलाने की साजिश रचने के मामले में सेक्टर-36 थाना पुलिस ने शनिवार को दो आरोपितों लवप्रीत और जश्नदीप के खिलाफ जिला अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी।

चार्जशीट में करीब 20 से 22 गवाह बनाए गए हैं। पुलिस जांच में विदेश में बैठे बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के एक हैंडलर सत्ता नौशेरा का नाम सामने आया है। चार्जशीट के मुताबिक आरोपित उसके संपर्क में थे और उसी के इशारे पर उन्होंने आईईडी लगाने की योजना बनाई थी।

हालांकि पुलिस को पहले ही इसकी भनक लग गई थी और समय रहते आरोपितों को दबोच लिया गया था। इस मामले में तीसरा आरोपित नाबालिग है और उसके खिलाफ जुवेनाइल कोर्ट में केस चलेगा।

पुलिस ने करीब तीन महीने पहले 23 अगस्त को सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे एक बैग में टिफिन बाॅक्स के अंदर आईईडी बरामद की थी। मौके से करीब पांच किलो जिलेटिन की छड़ें, डेटोनेटर, पावर सोर्स, रिमोट से संचालित होने वाला उपकरण, पिस्टल, मैगजीन और पांच कारतूस बरामद हुए थे।

पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इनमें तरनतारन के सहराली गांव का 19 साल का लवप्रीत सिंह, 21 साल का जश्नदीप सिंह और एक नाबालिग शामिल था।

विदेश में बैठकर नेटवर्क चला रहा सत्ता नौशेरा

पुलिस जांच के अनुसार आरोपितों के संपर्क में सतनाम उर्फ सत्ता नौशेरा नाम का सामने आया। सुरक्षा एजेंसियों की जांच में सत्ता नौशेरा का नाम पंजाब में बीकेआई से जुड़े आतंकी माॅड्यूल और हथियार-विस्फोटक सप्लाई नेटवर्क के मामलों में भी सामने आ चुका है।

जांच एजेंसियों के अनुसार वह विदेश में रहकर पंजाब के युवकों को आतंकी गतिविधियों के लिए जोड़ने और निर्देश देने का काम करता है। पंजाब में पहले भी उसके नाम से जुड़े कई माॅड्यूल के आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इस मामले में भी चंडीगढ़ पुलिस आरोपितों से विदेशी फंडिंग की जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।