विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में 40 हजार मकानों पर वाॅयलेशन का संकट, नोटिसों से नहीं मिली मुक्ति; निगम चुनाव में बड़ा मुद्दा बनने के आसार

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:09 PM (IST)

चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के 40 हजार मकानों पर वाॅयलेशन और मिसयूज के नोटिसों का संकट बरकरार है, जिससे फ्रीहोल्ड और संपत्ति हस्तांतरण में अड़चन आ रही है। 20 वर्षों से 'नीड बेस्ड चेंज' को नियमित करने और वन टाइम सेटलमेंट पॉलिसी लागू करने की मांग कर रहे हैं।

सीएचबी के 40 हजार मकानों पर वाॅयलेशन और मिसयूज के नोटिसों का असर। (सांकेतिक फोटो)

सीएचबी के 40 हजार मकानों पर वाॅयलेशन और मिसयूज के नोटिसों का असर। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. सीएचबी के मकानों पर वाॅयलेशन नोटिसों का संकट।

  2. फ्रीहोल्ड और संपत्ति हस्तांतरण में आ रही अड़चन।

  3. निगम चुनाव में बड़ा मुद्दा बन सकती है यह समस्या।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शहर में चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) के 40 हजार मकानों पर वाॅयलेशन और मिसयूज के नोटिसों का असर बना हुआ है। इन मकानों में रहने वाले हजारों परिवारों को वर्षों पहले किए गए बदलावों और कथित व्यावसायिक इस्तेमाल को लेकर जारी नोटिसों से अब तक मुक्ति नहीं मिली है।

नीड बेस्ड चेंज के नाम पर राहत की उम्मीद कर रहे मकान मालिकों के लिए यह स्थिति खरीद-फरोख्त, फ्रीहोल्ड और संपत्ति हस्तांतरण में अड़चन पैदा कर रही है। मकान मालिकों का कहना है कि जब तक वाॅयलेशन और मिसयूज के नोटिस खत्म नहीं होते, संपत्ति के मालिकाना अधिकारों का पूरा लाभ मिलना मुश्किल है।

निर्धारित नक्शे से अलग निर्माण, कमरों में बदलाव, बालकनी कवर करने या अन्य जरूरत आधारित निर्माण का रिकॉर्ड मकानों की फाइलों में दर्ज है। लोगों की मांग है कि परिवार की जरूरतों के लिए किए गए बदलावों को नियमित करने की स्पष्ट और व्यावहारिक नीति बनाई जाए।

हाउसिंग बोर्ड के निवासी करीब 20 वर्षों से नीड बेस्ड चेंज को नियमित करने और वन टाइम सेटलमेंट पॉलिसी लागू करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि परिवारों की जरूरतों में बदलाव, बच्चों के बड़े होने, बुजुर्गों की सुविधा और अतिरिक्त जगह की आवश्यकता के चलते मकानों में बदलाव किए गए। अब नोटिस और कार्रवाई का डर बना हुआ है।

लोगों का आरोप है कि समय-समय पर आश्वासन दिए गए, लेकिन पुराने नोटिसों के निपटारे और मकानों की स्थिति नियमित करने का ठोस समाधान नहीं निकला। उनका कहना है कि केवल नीति की घोषणा या उसमें बदलाव से समस्या हल नहीं होगी।

हाउसिंग बोर्ड के निदेशक मंडल में भाजपा के दो नेताओं की मौजूदगी के बावजूद राहत नहीं मिलने पर भी सवाल उठ रहे हैं। मकान मालिक पूछ रहे हैं कि बोर्ड में उनके प्रतिनिधि होने के बाद भी समस्या का समाधान क्यों नहीं हो रहा। यह नाराजगी आगामी नगर निगम चुनाव में राजनीतिक मुद्दा बन सकती है और विभिन्न दलों को लोगों के सवालों का सामना करना पड़ सकता है।

20 साल से एकमुश्त समाधान की मांग

सेक्टर 47 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुखविंदर सिद्धू के अनुसार हाउसिंग बोर्ड के मकानों में रहने वाले लोग करीब दो दशक से नीड बेस्ड चेंज को नियमित करने की मांग कर रहे हैं।

प्रमुख मांगें

  • पुराने वाॅयलेशन और मिसयूज के नोटिस समाप्त किए जाएं।
  • जरूरत के अनुसार किए गए निर्माण को नियमित करने की नीति बने।
  • वन टाइम सेटलमेंट पाॅलिसी लागू की जाए।
  • मकानों को फ्रीहोल्ड और ट्रांसफर कराने की प्रक्रिया सरल बनाई जाए।
  • लोगों को बार-बार नोटिस और कार्रवाई के डर से मुक्ति मिले।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।