चंडीगढ़ में 17 राज्यों की 34 टीमें दिखाएंगी दमखम, 18 नवंबर से शुरू होगी नेशनल सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता
चंडीगढ़ में 18 नवंबर से 70वीं राष्ट्रीय स्कूल सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता शुरू होगी, जिसमें 17 राज्यों की 34 टीमें हिस्सा लेंगी। ...और पढ़ें

18 से 22 नवंबर तक नेशनल स्कूल सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
70वीं राष्ट्रीय स्कूल सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता 18 नवंबर से चंडीगढ़ में।
17 राज्यों की 34 टीमें अंडर-19 आयु वर्ग में लेंगी हिस्सा।
पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया करेंगे उद्घाटन।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में 18 नवंबर से 70वीं नेशनल स्कूल सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता का आगाज होने जा रहा है। प्रतियोगिता में देशभर के 17 राज्यों की 34 टीमें हिस्सा लेंगी। अंडर-19 आयु वर्ग के बॉयज और गर्ल्स के मुकाबले 18 से 22 नवंबर तक आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ सेक्टर-42 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा। उद्घाटन समारोह में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विभिन्न राज्यों की टीमों का चंडीगढ़ पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। सभी टीमों को 17 नवंबर शाम तक शहर पहुंचना है। महाराष्ट्र की टीमें सोमवार को ही चंडीगढ़ पहुंच चुकी हैं।
खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन के ठहरने से लेकर प्रतियोगिता के आयोजन तक की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रतियोगिता के मुकाबले शहर के चार सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में करवाए जाएंगे।
इनमें सेक्टर-35, सेक्टर-37बी, सेक्टर-15 और सेक्टर-23 के स्कूलों के खेल मैदान शामिल हैं। अलग-अलग मैदानों पर मुकाबले करवाने का उद्देश्य प्रतियोगिता को निर्धारित समय में सुचारु रूप से संपन्न करवाना है।
चंडीगढ़ में राष्ट्रीय स्तर की स्कूल खेल प्रतियोगिता करवाने के लिए शिक्षा विभाग और खेल विभाग ने संयुक्त रूप से तैयारियां की हैं। इसके लिए प्रशासन की ओर से विशेष टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें आयोजन से संबंधित अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
स्कूलों के खेल मैदान तैयार करने, खिलाड़ियों की सुविधाओं, प्रतियोगिता संचालन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
पांच दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। चंडीगढ़ को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने से शहर के सरकारी स्कूलों में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।