चंडीगढ़ में होम साइंस कॉलेज में लगी आग, धुआं देख स्टाफ की फूली सांसें; दस कंप्यूटर समेत रिकॉर्ड जला
चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट होम साइंस कॉलेज के प्रशासनिक कार्यालय में सोमवार शाम शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। ...और पढ़ें

सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट होम साइंस कॉलेज के एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिस में लगी आग। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका।
आधे घंटे में फायर ब्रिगेड ने पाया काबू।
हादसे के समय ऑफिस में नहीं था कोई कर्मचारी।
बलवान करिवाल, चंडीगढ़। सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट होम साइंस कॉलेज के एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिस में सोमवार शाम अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में रखा सामान जलकर राख हो गया।
हादसे में दस कंप्यूटर, सीपीयू, महत्वपूर्ण ऑफिस रिकॉर्ड, फाइलें, फोटोस्टेट मशीन, एसी, हॉट केस और फर्नीचर समेत अन्य सामान जल गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
शाम के समय ऑफिस स्टाफ ने एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से धुआं निकलते देखा। धुआं देख स्टाफ की सांसें फूल गई। इसके कुछ ही देर बाद कमरे में आग फैल गई। स्टाफ ने तुरंत इसकी सूचना फायर स्टेशन को दी।
सूचना मिलते ही सेक्टर-11 फायर स्टेशन से दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का ऑपरेशन शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
आग की चपेट में आने से एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिस में रखा लगभग पूरा सामान जल गया। कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ कार्यालय का रिकॉर्ड और फाइलें भी आग में नष्ट हो गईं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
गनीमत रही कि जिस समय आग लगी, उस समय ऑफिस में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इससे किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।