चंडीगढ़ में सड़कें खाली और बाजारों में भी सन्नाटा; अगले छह दिन रहें अलर्ट, चेतावनी को न करें नजरअंदाज
चंडीगढ़ में 42.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है, जिससे सड़कें और बाजार सूने पड़े हैं। मौसम विभाग ने अगले छह दिनों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, और स्वास्थ्य विशेषज्ञ डिहाइड्रेशन व हीट स्ट्रोक से बचाव की सलाह दे रहे हैं।

मौसम विभाग ने हीटवेव का अलर्ट जारी किया
HighLights
चंडीगढ़ में 42.1 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान।
अगले छह दिनों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी।
डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मामले बढ़ रहे।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ समेत ट्राईसिटी में मंगलवार को सड़कों पर आवाजाही काफी कम दिखी। बाजारों में भी सन्नाटा रहा। पर्यटक स्थलों पर भी लोगों की संख्या घट गई है। इसका कारण है कि भीषण गर्मी और लू के चलते लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे।
मौसम विभाग ने अगले छह दिनों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि लापरवाही बरतने पर हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है।
मंगलवार को चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार भीषण गर्मी का असर केवल बुजुर्गों और बीमार लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि युवा और स्वस्थ लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं।
अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में चक्कर आने, उल्टी, बुखार, शरीर में पानी की कमी और त्वचा झुलसने की शिकायतों वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डाॅक्टरों का कहना है कि लू से बचाव के लिए दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक धूप में निकलने से बचना चाहिए। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनना और बाहर निकलते समय सिर को ढकना जरूरी है।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अत्यधिक गर्मी को हल्के में लेना खतरनाक साबित हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल तापमान में किसी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी लोगों को गर्मी और लू के तीखे तेवर झेलने पड़ सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।