चंडीगढ़ में भर्ती परीक्षाओं में नहीं हो सकेगी धांधली, पेपर लीक और नकल रोकने के लिए हाईटेक समिति गठित
चंडीगढ़ प्रशासन ने भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक व नकल रोकने के लिए एक राज्य स्तरीय हाईटेक समन्वय समिति का गठन किया है। यह समिति पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करेगी।

परीक्षाओं में पेपर लीक, नकल और धांधली रोकने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन का सख्त कदम। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
राज्य स्तरीय हाईटेक समन्वय समिति गठित की गई।
मुख्य सचिव, डीजीपी, एनटीए महानिदेशक के बीच हॉटलाइन।
परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता सुनिश्चित करना लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। भर्ती परीक्षाओं समेत राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं में पेपर लीक, नकल और धांधली रोकने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की परीक्षाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और त्रुटिरहित बनाने के लिए राज्य स्तरीय हाईटेक समन्वय समिति गठित की गई है।
इसके तहत चंडीगढ़ के मुख्य सचिव, यूटी के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और एनटीए के महानिदेशक के बीच सीधी हाॅटलाइन स्थापित होगी। इससे आपात स्थिति में तत्काल सूचना साझा कर कार्रवाई की जा सकेगी।
प्रशासन ने सोमवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। समिति केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग और एनटीए के महानिदेशक की ओर से 23 अक्टूबर 2026 को जारी निर्देशों के अनुपालन में गठित की गई है। इसके साथ ही 28 फरवरी 2025 को जारी पुराना आदेश निरस्त कर दिया गया है।
खुफिया सूचनाओं के आधार पर बनेगी रणनीति
समिति का उद्देश्य पेपर लीक माफिया के नेटवर्क को तोड़ना और परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है। परीक्षा में धांधली, नकल और सुरक्षा संबंधी खतरों को लेकर लगातार खुफिया सूचनाएं जुटाई जाएंगी। इनके आधार पर संयुक्त रणनीति बनाई जाएगी। प्रत्येक बड़ी परीक्षा से पहले सुरक्षा और निष्पक्ष संचालन के लिए अलग योजना तैयार होगी।
तकनीकी शिक्षा सचिव होंगे नोडल अधिकारी
तकनीकी शिक्षा सचिव को समिति का नोडल अधिकारी और पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) को नोडल पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है। एनटीए की ओर से नामित नोडल अधिकारी, जीएमसीएच-32 के डायरेक्टर प्रिंसिपल, एनआईसी सचिवालय के स्टेट इंफार्मेटिक्स अधिकारी, चंडीगढ़ के मुख्य अभियंता और सब्सिडियरी इंटेलिजेंस ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारी को सदस्य बनाया गया है।
जिला स्तरीय कमेटियों की भी होगी निगरानी
राज्य स्तरीय समिति जिला स्तरीय समन्वय समितियों (डीएलसीसी) के गठन और कामकाज की निगरानी करेगी। इनकी अध्यक्षता जिला मजिस्ट्रेट या कलेक्टर करेंगे और पुलिस अधीक्षक भी सदस्य होंगे। राज्य समिति यह सुनिश्चित करेगी कि जिला समितियों का समय पर पुनर्गठन हो और वे प्रभावी ढंग से काम करें।
हर बड़ी परीक्षा के बाद जिला समितियों के प्रदर्शन और कार्यप्रणाली की समीक्षा होगी। परीक्षा के दौरान सामने आई कमियों, सुरक्षा चुनौतियों और सुधार के सुझावों पर रिपोर्ट तैयार कर एनटीए को भेजी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका खत्म कर अभ्यर्थियों का भरोसा कायम रखना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।