नगर निगम की फर्जी पर्चियां काट वसूले तीन से चार हजार रुपये, फेस्टिवल सीजन में चंडीगढ़ में बड़ा फर्जीवाड़ा
चंडीगढ़ के सेक्टर-22 की मोबाइल मार्केट में फेस्टिवल सीजन के दौरान फड़ी लगाने के नाम पर फर्जी पर्चियां बांटने का ...और पढ़ें

HighLights
सेक्टर-22 में फड़ी लगाने को बांटीं फर्जी पर्चियां।
निगम की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस।
तीन-चार हजार रुपये में बेची जा रही थीं पर्चियां।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। फेस्टिवल सीजन में सेक्टर-22 की विभिन्न मार्केट्स में फड़ी लगवाने के लिए फर्जी पर्चियां बांटने का मामला सामने आया है। किसी शख्स ने कंप्यूटर से ऐसी फर्जी छाप दी जो बिल्कुल नगर निगम की इन्फोर्समेंट ब्रांच से जारी होने वाली असली पर्ची जैसी दिखती हैं।
नगर निगम की इन्फोर्समेंट विंग को जब इस बात की जानकारी मिली तो कई फड़ी वालों से फर्जी पर्चियां बरामद कर ली। इस संबंध में सेक्टर-17 थाना पुलिस को भी शिकायत दी। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात पर धोखाधड़ी समेत कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब इन पर्चियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
वहीं, फर्जी पर्चियां बनाने वाली की तलाश भी शुरू कर दी है। सेक्टर-17 पुलिस थाने के एसएचओ सुदेश कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर उन्होंने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। इन्फोर्समेंट ब्रांच से पर्चियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
ऐसे पकड़ में आया मामला
इन्फोर्समेंट विंग के इंस्पेक्टर ललित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने सेक्टर-22सी की मार्केट में एक शख्स को अवैध फड़ी लगाने पर रोका। उससे जब पूछताछ की गई तो उसने पर्ची दिखाई। ललित ने बताया कि सेक्टर-22सी की मार्केट में रेहड़ी-फड़ी लगाने के लिए नगर निगम की ओर से अब कोई पर्ची नहीं काटी जाती।
वहां के लिए पर्चियां इश्यू करना बंद किया जा चुका है। तब उन्हें शक हुआ कि यह फर्जी पर्ची हो सकती है। उन्होंने फौरन विभाग से जानकारी हासिल की तो पता चला कि यह तो नकली पर्ची है। फिर उन्होंने सेक्टर-22बी की मोबाइल मार्केट में जाकर फड़ी वालों से बात की तो पता चला कि उन्हें भी किसी ने ऐसी नकली पर्चियां देकर ठग लिया।
ललित का कहना है कि निगम की ओर से जारी असली पर्चियां सामान्य तौर पर तीन दिन के लिए वैध होती हैं, जबकि फर्जी पर्चियों पर 12 से 15 दिनों का समय लिखा है। इस कारण भी उन्हें शक हुआ।
तीन हजार रुपये में बेची नकली पर्चियां
ललित ने पुलिस को बताया कि नकली पर्चियां तीन हजार रुपये में बांटी गई थी। उन्हें शक है कि लोगों से इससे भी ज्यादा रुपये वसूले गए हैं। उन्होंने सात-आठ नकली पर्चियां पुलिस को दे दी है।
उन्होंने बताया कि इस फर्जीवाड़े में किसी दक्ष का नाम सामने आ रहा है। वह भी सेक्टर-22 की मोबाइल मार्केट में फड़ी लगाता था, लेकिन वह अभी फरार है। पुलिस का कहना है कि आरोपित का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।