रिश्वत केस में चंडीगढ़ के कर्मचारी को हाईकोर्ट से राहत, अपील लंबित रहने तक चार साल की सजा निलंबित
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने रिश्वत मामले में दोषी कर्मचारी की चार साल की सजा निलंबित कर दी है। अदालत ने कहा कि भ्रष्टाचार के अपराध की गंभीरता मात्र सजा निलंबित करने से इनकार का असाधारण आधार नहीं है।

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का फैसला। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
हाई कोर्ट ने रिश्वत के मामले में 4 साल की सजा निलंबित की।
कर्मचारी को अपील लंबित रहने तक जमानत पर रिहा किया।
अदालत ने नौ साल तक जमानत के दुरुपयोग न होने का हवाला दिया।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने भ्रष्टाचार के मामले में दोषी ठहराए गए एक कर्मचारी की चार साल की सजा निलंबित कर उसे जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है।
अदालत ने कहा कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध की गंभीरता अपने आप में ऐसा असाधारण कारण नहीं है, जिसके आधार पर अपील लंबित रहने तक निश्चित अवधि की सजा निलंबित करने से इनकार किया जाए।
कर्मचारी चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित उप मुख्य विस्फोटक नियंत्रक कार्यालय में सहायक था। चंडीगढ़ की विशेष सीबीआइ अदालत ने उसे भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत चार साल की सजा सुनाई थी।
सीबीआई के अनुसार, पेशे से ब्लास्टर एक व्यक्ति ने अपने लाइसेंस में संशोधन के लिए आवेदन किया था। आरोप था कि सहायक ने काम कराने के बदले आठ हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसमें तीन हजार रुपये अपने लिए और पांच हजार रुपये विस्फोटक नियंत्रक के लिए मांगे गए थे।
जुलाई 2017 में हुई थी कार्रवाई
सीबीआई ने 11 जुलाई 2017 को जाल बिछाकर कार्रवाई की थी। आरोपी की कंप्यूटर मेज पर की-बोर्ड के नीचे रखे रिश्वत के नोट बरामद किए गए थे। आरोपित ने हाई कोर्ट में कहा कि रिश्वत मांगने और स्वीकार करने का आरोप संदेह से परे साबित नहीं हुआ।
बचाव पक्ष ने गवाहों के बयानों, जासूसी कैमरे की रिकॉर्डिंग और नोटों की बरामदगी की जगह पर भी सवाल उठाए। हाईकोर्ट ने पाया कि आरोपी 23 अगस्त 2017 से करीब नौ साल तक जमानत पर रहा। इस दौरान उसने जमानत की स्वतंत्रता का दुरुपयोग किया हो या गवाहों को प्रभावित किया हो, ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया। वह पहले ही करीब तीन महीने हिरासत में रह चुका है।
अपील की जल्द सुनवाई की संभावना नहीं
अदालत ने मुकदमे के विस्तृत रिकाॅर्ड और अपील की जल्द सुनवाई की संभावना न होने पर भी ध्यान दिया। अदालत ने कहा कि निश्चित अवधि की सजा के मामलों में अपील लंबित रहने के दौरान सजा निलंबित करने पर उदारता से विचार किया जा सकता है, बशर्ते राहत से इनकार करने वाली कोई असाधारण परिस्थिति न हो।