800 से अधिक शिक्षकों को 25 प्रतिशत एरियर कब मिलेगा? कैट में कल जवाब देगा चंडीगढ़ शिक्षा विभाग
चंडीगढ़ शिक्षा विभाग को 2015 में भर्ती शिक्षकों के बचे हुए 25 प्रतिशत एरियर भुगतान पर आज कैट में जवाब देना है, जबकि कई शिक्षकों को अभी तक 75 प्रतिशत भी नहीं मिला है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद भुगतान में देरी से शिक्षक परेशान हैं।

2015 में भर्ती शिक्षकों के बचे हुए 25 प्रतिशत एरियर के भुगतान का इंतजार। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
भुगतान में देरी के चलते शिक्षक परेशान।
विभागीय दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर।
कई शिक्षकों को 75% एरियर भी नहीं मिला।
सुमेश ठाकुर, चंडीगढ़। वर्ष 2015 में भर्ती शिक्षकों के बचे हुए 25 प्रतिशत एरियर का भुगतान किस तरह किया जाएगा, इस पर शिक्षा विभाग को सोमवार को सेंट्रल एडमिनिस्ट्रेटिव ट्रिब्यूनल (कैट) में जवाब देना है। निदेशक स्कूल शिक्षा विभाग नितिश सिंगला भुगतान की योजना के बारे में जानकारी देंगे।
हालांकि, कई शिक्षकों को अब तक 75 प्रतिशत एरियर भी नहीं मिला है। भुगतान के लिए शिक्षक जिला शिक्षा अधिकारी से लेकर निदेशक कार्यालय तक के चक्कर लगा रहे हैं। उनका कहना है कि दो महीने से एरियर का भुगतान लंबित है। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि विभाग एरियर के साथ प्रोबेशन क्लियर करने और अन्य सुविधाओं का लाभ भी नहीं दे रहा।
मामला वर्ष 2015 में हुई शिक्षक भर्ती से जुड़ा है। पेपर लीक की जानकारी के बाद वर्ष 2017 में भर्ती रद्द कर दी गई थी। कैट ने इस फैसले पर रोक लगाई, जिसे शिक्षा विभाग ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी।
21 अप्रैल 20226 को सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पेपर लीक के संबंध में विभाग कोई गवाह या सबूत पेश नहीं कर पाया। अदालत ने शिक्षकों को बहाल कर वर्ष 2015 से 2026 तक का एरियर देने का आदेश दिया।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लागू कराने के लिए कैट ने पहले से लंबित याचिका के आधार पर एरियर भुगतान के निर्देश दिए। विभाग ने एरियर 75 और 25 प्रतिशत की किश्तों में देने पर सहमति जताई थी। एक अक्टूबर को 95 से 98 प्रतिशत शिक्षकों को 75 प्रतिशत एरियर दिया गया, लेकिन कई शिक्षक दो महीने से इस लाभ से वंचित हैं।
एरियर के अलावा वरिष्ठता सूची बनाना, चाइल्ड केयर अलाउंस और दीपावली बोनस तक देने के कैट ने आदेश दिए है लेकिन विभाग कोई उचित कार्रवाई करता प्रतीत नहीं हो रहा। कर्मचारी यूनियन यदि अधिकारियों से बात करने के लिए मिलने का प्रयास करें तो वह भी अधिकारी बिना सिफारिश से समय नहीं दे रहे है। विभाग कैट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक के फैसले को नहीं मान रहा जो कि बड़ी परेशानी है। -रूपाली शर्मा, चेयरमैन सिटी ब्यूटीफुल आफ टीचर्स एसोसिएशन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।