विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में ड्रेनेज पाइप डालने के लिए खोदे गड्ढे में गिरा बाइक सवार, परिवार के इकलौते बेटे की मौत

Published: Thu, 05 Nov 2026 07:28 PM (IST)

चंडीगढ़ में नगर निगम द्वारा ड्रेनेज पाइप के लिए खोदे गए खुले गड्ढे में बाइक सवार युवक गिर गया। हादसे ...और पढ़ें

सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से युवक की मौत। (सांकेतिक फोटो)

सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से युवक की मौत। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. ल्लोमाजरा से रायपुर खुर्द जाने वाले रास्ते पर हुआ हादसा।

  2. नगर निगम की लापरवाही से बैरिकेडिंग न होने से गई जान।

  3. पिता ने स्वयं गड्ढे से बेटे के शव को बाहर निकाला।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। हल्लोमाजरा से रायपुर खुर्द जाने वाले रास्ते पर नगर निगम की ओर से ड्रेनेज पाइप डालने के लिए खोदा गया गड्ढा 24 वर्षीय निखिल शर्मा की मौत का कारण बन गया।

बुधवार देर रात बाइक से घर लौटते समय वह बाइक समेत गड्ढे में गिर गए। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। आरोप है कि गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग नहीं की गई थी और रास्ता भी खुला था। हादसे के बाद रास्ता बंद कर दिया गया।

रायपुर खुर्द निवासी निखिल पंजाबी फिल्मों और गानों के प्रमोशन का काम करते थे। बुधवार रात वह सेक्टर-34 से काम निपटाकर घर लौट रहे थे। रात करीब एक बजे हल्लोमाजरा से रायपुर खुर्द की ओर जाते समय अंधेरे में उन्हें खुला गड्ढा दिखाई नहीं दिया और उनकी बाइक उसमें जा गिरी।

एक राहगीर ने निखिल के मोबाइल फोन की मदद से उनके परिवार और पुलिस को सूचना दी। परिवार के लोग और निखिल के दोस्त मुफिद खान मौके पर पहुंचे। मुफिद के अनुसार, पुलिस के पहुंचने के बावजूद निखिल को गड्ढे से बाहर नहीं निकाला गया।

बाद में उनके पिता हरिओम शर्मा ने खुद गड्ढे में उतरकर बेटे को बाहर निकाला और अस्पताल ले गए। वहां डाॅक्टरों ने जांच के बाद निखिल को मृत घोषित कर दिया। निखिल परिवार के इकलौते बेटे थे।

उनकी एक बहन है और पिता टेलर का काम करते हैं। परिवार के लिए निखिल बड़ा सहारा थे। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। घटना के बाद रास्ता बंद किया गया। सवाल है कि यह कदम पहले उठाया गया होता तो शायद हादसा टल सकता था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।