विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली पर चंडीगढ़ में सुरक्षा कड़ी, लेडी स्क्वाड और चीता दस्ते की गश्त; हाई अलर्ट पर रिजर्व फोर्स

Published: Sat, 07 Nov 2026 06:06 PM (IST)

दीपावली के अवसर पर चंडीगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जिसमें 42 फ्लोटिंग नाके और सीआरपीएफ की ...और पढ़ें

चंडीगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम। (सांकेतिक फोटो)

चंडीगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. शहर में 42 फ्लोटिंग नाके और सीआरपीएफ तैनात।

  2. बाजारों में लेडी स्क्वाड और चीता दस्ते की गश्त।

  3. क्यूआरटी और रिजर्व फोर्स आपात स्थिति के लिए तैयार।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। दीपावली पर रविवार को शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। बाजारों और शाॅपिंग माॅल में भीड़ को देखते हुए प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 42 जगह फ्लोटिंग नाके लगाए जाएंगे। शहर के बाहरी प्रवेश मार्गों पर स्थानीय पुलिस के साथ सीआरपीएफ की 51वीं बटालियन के जवान सुरक्षा संभालेंगे। प्रमुख बाजारों में एंटी-सबोटाज और विस्फोटक जांच टीमें चेकिंग करेंगी।

एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि दीपावली पर ऑपरेशन सेल की क्विक रिस्पाॅन्स टीम (क्यूआरटी) हाई अलर्ट पर रहेगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व फोर्स भी तैयार रहेगी।

इसमें होमगार्ड के 50 जवान, आरटीसी सेक्टर-26 का स्टाफ, वाटर कैनन और वज्र वाहन शामिल होंगे। जरूरत पड़ने पर फोर्स को तत्काल मौके पर भेजा जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए बाजारों में विशेष लेडी स्क्वाड तैनात रहेगा।

महिला पुलिसकर्मी होंडा एक्टिवा से गश्त कर जरूरत पड़ने पर महिलाओं की मदद करेंगी। शाम छह बजे से रात 12 बजे तक चीता मोटरसाइकिल दस्ता बाजारों, रिहायशी इलाकों और चोरी की आशंका वाले स्थानों पर पेट्रोलिंग करेगा।

सेक्टर-17, 22, 19, 26, 21, मनीमाजरा, 34, 35, 8, 9, 15, 37, 38, 40, 46 और एलांते माल समेत प्रमुख स्थानों पर पीसीआर गाड़ियां गश्त करेंगी। पीए सिस्टम और मेगाफोन से लोगों को सुरक्षा संबंधी हिदायतें दी जाएंगी।

तीन शिफ्टों में नाकाबंदी, कारों की डिक्की तक की जांच

42 स्थानों पर तीन शिफ्टों में नाकाबंदी होगी। पुलिस शाम चार से छह बजे, छह से आठ बजे और रात आठ से दस बजे तक जांच करेगी। बाहरी प्रवेश मार्गों पर सुबह 11 से दोपहर दो बजे और शाम पांच से रात दस बजे तक स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ की 51वीं बटालियन संयुक्त जांच करेंगी। वाहनों के साथ संदिग्ध कारों की डिक्की भी जांची जाएगी।

बाजारों की एंटी-सबोटाज जांच

एंटी-सबोटाज और विस्फोटक जांच टीमें प्रमुख बाजारों और महत्वपूर्ण संस्थानों की जांच करेंगी। होटलों, गेस्ट हाउसों, धर्मशालाओं और सरायों की विशेष चेकिंग के निर्देश भी दिए गए हैं। लावारिस बैग, ब्रीफकेस या संदिग्ध वस्तु मिलने पर उसे न छूने और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने की अपील की गई है।

सेक्टर-22 में भारी वाहनों की नो-एंट्री

ट्रैफिक व्यवस्था के लिए प्रमुख चौराहों और लाइट प्वाइंट पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सेक्टर-22 मार्केट में भीड़ बढ़ने पर 22/23 लाइट प्वाइंट और अरोमा लाइट प्वाइंट से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। वहां भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। पुलिस पार्किंग स्थलों, पैदल पथों और साइकिल ट्रैक से अतिक्रमण हटाना भी सुनिश्चित करेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।