विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

4500 वाहन, 10 करोड़ के बर्तन और 50 करोड़ का सोना-चांदी बिका; धनतेरस पर चंडीगढ़ में हुई खूब धन बरसा

Published: Fri, 06 Nov 2026 07:33 PM (IST)

धनतेरस पर चंडीगढ़ के बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। 2500 से अधिक कारों और 2100 दोपहिया वाहनों की डिलीवरी हुई। ...और पढ़ें

धनतेरस पर चंडीगढ़ में हुई जमकर खरीदारी। (सांकेतिक फोटो)

धनतेरस पर चंडीगढ़ में हुई जमकर खरीदारी। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. 2500 से अधिक कारें और 2100 दोपहिया वाहन बिके।

  2. बर्तनों का 10 करोड़, सोने-चांदी का 50 करोड़ कारोबार।

  3. शुभ मुहूर्त में खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़।


जागरण संवाददाता, चंडीगढ़।  धनतेरस पर शुक्रवार को चंडीगढ़ के बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। शुभ मुहूर्त में खरीदारी के लिए सुबह से ही लोगों की बाजारों और शोरूम में भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। वाहनों के शोरूम और बर्तनों के बाजार में सबसे अधिक रौनक देखने को मिली।

शहर में 2500 से अधिक नई कारों की डिलीवरी हुई, जबकि करीब 2100 दोपहिया वाहन भी ग्राहकों को सौंपे गए। बर्तनों का दस करोड़ और सोने चांदी का करीब 50 करोड़ रुपये का कारोबार धनतेरस पर होने का अनुमान है।

सुबह से ही कार और बाइक के शोरूम में ग्राहक अपनी नई गाड़ियों की डिलीवरी लेने पहुंचते रहे। कुछ परिवार सहित डिलिवरी के लिए पहुंचे और नए वाहन के साथ फोटो खिंचवाकर इस खास मौके को यादगार बनाया।

इतनी बड़ी संख्या में वाहनों की डिलिवरी एक ही दिन में देने का एक कारण यह भी था कि काफी लोगों ने धनतेरस पर खरीदने के लिए पहले से बुकिंग करा रखी थी। शुक्रवार को सुबह से देर शाम तक डिलीवरी का सिलसिला चलता रहा।

परिवार के साथ पहुंचे ग्राहकों ने नई गाड़ियों के साथ फोटो खिंचवाकर इस खास मौके को यादगार बनाया। कारों में एसयूवी और हाइब्रिड माडल भी ग्राहकों की पसंद बने रहे। वहीं, दोपहिया बाजार में इलेक्ट्रिक भी बड़ी संख्या में बिके। त्योहारी आफर, एक्सचेंज बोनस और फाइनेंस योजनाओं ने भी खरीदारी को बढ़ावा दिया।

बर्तनों के बाजार में पीतल के साथ स्टील की चमक

धनतेरस पर बर्तन बाजारों में भी खूब रौनक रही। करीब तीन दशक बाद पारंपरिक धातुओं के बर्तनों की बढ़ती मांग के बीच इस बार पीतल और कांसे के बर्तनों के साथ स्टील के बर्तन भी लोगों की पसंद बने। ट्राईसिटी में धनतेरस के दिन करीब 10 करोड़ रुपये के बर्तनों की बिक्री होने का अनुमान है।

सेक्टर-22, सेक्टर-18, सेक्टर-35 और रामदरबार समेत विभिन्न बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। लोगों ने अपनी जरूरत और बजट के अनुसार कटोरी, गिलास, थाली, डिनर सेट और अन्य घरेलू बर्तनों की खरीदारी की।

सोने-चांदी के कारोबार में भी रही चमक

धनतेरस पर ज्वेलरी बाजार में भी रौनक देखने को मिली। सोने और चांदी के आभूषणों की पहले से हुई एडवांस बुकिंग के साथ शुक्रवार को करीब 50 करोड़ की खरीददारी का अनुमान है। शुभ मुहूर्त में आभूषण खरीदने के लिए परिवारों ने ज्वेलरी शोरूम का रुख किया। सोने के सिक्कों, चांदी के सिक्कों और पारंपरिक आभूषणों के साथ हल्के वजन की ज्वेलरी की भी मांग रही।

 

धनतेरस पर ट्राईसिटी में करीब 10 करोड़ रुपये के बर्तनों का कारोबार होने का अनुमान है। पीतल और कांसे के पारंपरिक बर्तनों के साथ स्टील के बर्तनों की भी लोगों ने जमकर खरीदारी की। बाजारों में सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ रही। इस बार पारंपरिक और आधुनिक डिजाइन दोनों तरह के बर्तनों की मांग देखने को मिली। -राजेश अग्रवाल, अध्यक्ष, ट्राईसिटी क्रोकरी एवं बर्तन एसोसिएशन

 

त्योहारों में खरीददारी अच्छी हो रही है। हालांकि इलेक्ट्राॅनिक्स एप्लाइंसेज का बाजार कुछ कमजोर है। ई-काॅमर्स से इस बाजार को नुकसान हुआ है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदार और एसोसिएशन कई तरह के ऑफर और लकी ड्रा कूपन दे रहे हैं। अच्छी बात यह है कि बड़े बल्क ऑर्डर दुकानदार को ही मिल रहे हैं। पेंट्स का काम इस बार अच्छा है।- अजय गुप्ता, अध्यक्ष, चंडीगढ़ बिजनेस काउंसिल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।