यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 19, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Chinese Loan Apps Racket: चंडीगढ़ साइबर पुलिस की छापामारी जारी, अब तक वसूली करने वाले 21 आरोपित काबू
साइबर पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित भारत के भोले-भाले लोगों को लोन के बहाने फंसाकर उनकी अश्लील ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चीनी एप पर तत्काल लोन देने के बहाने फंसाकर लोगों से वसूली करने वाले गिरोह के सरगना वान चेंगुआ और उसको दो मुख्य साथी परवेज आलम और अंशुल कुमार को लेकर साइबर पुलिस की छापामारी जारी है। पुलिस की अलग-अलग टीम आरोपितों को लेकर छापामारी कर सबूतों की बरामदगी करने में जुटी है। अभी तक इस मामले में गिरोह के 21 लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। सभी को न्यायिक हिरासत भेजे जाने के साथ तीन मुख्य आरोपितों का रिमांड जारी है।
इसमें वान चेंगुआ गिरोह का मुखिया है जो चीन में बैठे सदस्यों के साथ टाइअप करके पैसे की हेराफेरी करता है। इसके बाद परवेज आलम भारत के सभी राज्यों में संचालित गिरोह को आपरेट करने का काम करता था। वहीं, अंशुल कुमार की गिरोह के पास आने वाले ठगी के पैसे को हवाला के जरिये चीन भेजने की जिम्मेदारी थी।
वहीं, गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद साइबर पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित भारत के भोले-भाले लोगों को लोन के बहाने फंसाकर उनकी अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर पैसे ठगते थे। अभी तक आरोपित तकरीबन 120 करोड़ रुपये हवाले के जरिये चीन भेज चुके हैं। इसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय के पास भेजी जा चुकी है।
जीबी वाट्सएप इस्तेमाल करता है गिरोह
यह लोग साधारण नहीं बल्कि जीबी वाट्सएप इस्तेमाल करते थे। यह जीबी वाट्सएप आम लोगों के वाट्सएप से अलग है। इसके नियम, इस्तेमाल करने का तरीका समेत अन्य सुविधा अलग है। चीन से भारत के 10 राज्यों में फैला गिरोह का हर एक सदस्य इसी जीबी वाट्सएप ग्रुप में बातचीत करता था। इसके अलावा आरोपित वीचैट और डिंगटाप एप भी बातचीत के लिए इस्तेमाल करते थे।
यह होता है जीबी एप
जीबी वाट्सएप कोई नया नहीं है, बल्कि इसका क्लोन एप है। इससे आप साधारण वाट्सएप की तरह ही मैसेज, चैटिंग, वीडियो कालिंग आदि कर सकते हैं। इसके अलावा इस एप पर वाट्सएप की तुलना में कुछ अतिरिक्त फीचर्स भी दिए गए हैं जोकि इसके इस्तेमाल आसान बनाते हैं। इसका इस्तेमाल यूजर्स के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। इस एप की सहायता से भी ग्रुप चेट कर सकते है। जीबी व्हाट्सएप को लोग ओगमोड्स एप के नाम से भी जानते हैं। इस एप में 600 कान्टेक्ट का ब्राडकास्ट बना सकते हैं।