चंडीगढ़ में नई LED में आई खराबी, कंपनी के ठीक करने से इनकार पर फोरम का पूरी राशि वापस करने का आदेश
Chandigarh उपभोक्ता फोरम-1 ने आदेश देते हुए कंपनी को एलईडी की पूरी कीमत उपभोक्ता काे लौटाने को कहा है। इसके अलावा कंपनी को राशि पर 9 फीसद ब्याज और उपभोक्ता को मानसिक उत्पीड़न के एवज में पांच हजार हर्जाना भी देना होगा।
चंडीगढ़, जेएनएन। निजी कंपनी को अपने ग्राहक की समस्या का हल न करना महंगा पड़ा। यहां उपभोक्ता फोरम-1 ने आदेश देते हुए कंपनी को एलईडी की पूरी कीमत उपभोक्ता काे लौटाने को कहा है। इसके अलावा कंपनी को राशि पर 9 फीसद ब्याज और उपभोक्ता को मानसिक उत्पीड़न के एवज में पांच हजार हर्जाना भी देना होगा। फोरम में दी शिकायत में मोहाली फेस-9 निवासी किशोर चंद ने बताया था कि उन्होंने 11 नवंबर, 2015 को वीडियोकॉन कंपनी की एक एलईडी ली थी। इसकी कीमत 37 हजार रुपये थी लेकिन वह दो वर्ष के बाद ही खराब हो गई। एलईडी सही ढंग से काम नहीं कर रही थी। इसके बाद उन्होंने कंपनी को अपनी समस्या बताई तो कंपनी ने उल्टा उन्हें ही सुनाना शुरू कर दिया।
वारंटी पीरियड में थी एलईडी, फिर भी न ठीक की और न रिप्लेस
अपनी शिकायत में उपभोक्ता ने फोरम को बताया कि जब एलईडी खराब हुई तो उस समय वह पांच वर्ष के वारंटी पीरियड में थी। इसके बावजूद कंपनी ने एलईडी की समस्या का हल करने से मना कर दिया। उपभोक्ता ने कहा कि उन्होंने कंपनी को एलईडी में आई समस्या को ठीक करने के लिए कहा था न कि उसे रिप्लेस करने के लिए। फिर भी कंपनी ने उन्हें मना किया। जिसके बाद उन्होंने फोरम का दरवाजा खटखटाया।
वर्ष 2017 में आई थी खराबी
किशोर ने बताया कि उन्होंने एलईडी में खराबी आने के बाद सबसे पहले कंस्टमर अधिकृत ग्राहक सेवा केंद्र और सर्विस सेंटर पर संपर्क किया। वहां से उनकी कोई भी मदद नहीं की गई। जिसके बाद वर्ष 2017 में एलईडी में फंक्शन अचानक चलने बंद हो गए, उसके बाद उन्होंने कंपनी से संपर्क किया तो कंपनी ने मना करते हुए कहा कि यह हमारी समस्या नहीं है।