विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ निगम चुनाव में कांग्रेस वफादार चेहरों पर खेलेगी दांव, दल बदलुओं से लिया सबक; टिकट रणनीति बदलेगी

Published: Sun, 27 Sep 2026 08:17 PM (IST)

चंडीगढ़ निगम चुनाव के लिए कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि वफादार और जिताऊ उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी, दलबदल ...और पढ़ें

नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की बैठक।

नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की बैठक।

HighLights

  1. वफादार व जिताऊ उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलेगी।

  2. पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने वालों को तवज्जों नहीं।

  3. नगर निगम चुनाव को लेकर हुई बैठक में लिए अहम निर्णय।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि ऐसे उम्मीदवारों को टिकट दी जाएगी जो कि जिताऊ हैं, लेकिन जीतने वाली काबलियत से ज्यादा ऐसे नेताओं को मैदान में उतारा जाएगा जो कि पार्टी के प्रति वफादार हों। मालूम हो कि जीत के बाद पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके पार्षदों से पार्टी सबक ले रही है।

पार्षद हरप्रीत कौर बबला, गुरबख्श रावत और गुरचरणजीत काला ऐसे नेता हैं जो कि पिछला नगर निगम चुनाव कांग्रेस से जीते थे लेकिन बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए। रविवार को पाॅलिटिकल अफेयर्स कमेटी और प्रदेश इलेक्शन कमेटी की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की गई। पाॅलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में मेयर चुनाव के दौरान पार्षदों पर लगने वाले आरोपों पर भी चर्चा की गई।

इस बात पर जोर देकर कहा गया कि पार्टी के खिलाफ काम करने वाले नेताओं को टिकट भी नहीं देनी चाहिए। पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल ने हर सदस्य से नगर निगम चुनाव को लेकर फीडबैक ली।

बैठक में इस मुद्दे पर भी चर्चा की गई कि टिकट किसी एक को मिलने पर दूसरे दावेदार विरोध जाहिर करते हुए पार्टी को नुकसान पहुंचाते हैं, ऐसे में ऐसे दावेदारों को मनाने के लिए तुरंत प्रयास होने चाहिए। इसके लिए भी रणनीति बनाई जानी चाहिए।

सदस्यों ने यह भी कहा कि जिन लोगों ने लोकसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम किया है, उनके नाम पर टिकट के लिए चर्चा भी नहीं होनी चाहिए। बैठक में चुनाव के लिए फंड जुटाने के मुद्दे पर भी चर्चा की गई।

दोनों कमेटी की बैठक में हाईकमान की ओर से प्रभारी रजनी पाटिल के अलावा एआईसीसी सचिव चेतन चौहान एवं विदित चौधरी सहित दोनों कमेटियों के सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- 'संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रही कांग्रेस', चुनाव आयोग और SIR पर लगे आरोपों पर चंडीगढ़ भाजपा का पलटवार

बंसल नहीं हुए शामिल

पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल भी पालिटिकल अफेयर्स कमेटी के सदस्य हैं लेकिन वह व्यस्त होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हुए। मालूम हो कि बंसल और कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की और सांसद मनीष तिवारी के बीच छत्तीस का आकड़ा है।

इस समय गठित दोनों कमेटियों में तिवारी के करीबी नेता शामिल हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी अपनी चुनावी गतिविधियों को और तेज करेगी तथा चंडीगढ़ की जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।

पार्टी द्वारा नगर निगम के कार्यों, शहर की समस्याओं तथा पिछले वर्षों में लिए गए निर्णयों को जनता के सामने तथ्यों के साथ रखा जाएगा।
प्रभारी रजनी पाटिल ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे नगर निगम चुनाव को पूरी गंभीरता के साथ लें और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी तरह मैदान में उतरें।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और कांग्रेस की नीतियों एवं कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने सभी नेताओं से एकजुट होकर दिन-रात मेहनत करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।