लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी में जुटी चंडीगढ़ कांग्रेस, लेकिन उम्मीदवार तय नहीं, बंसल नहीं तो फिर कौन
चंडीगढ़ कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि पार्टी ने अभी तक उम्मीदवार तय नहीं किया है। वहीं पवन बंसल ने चुनाव लड़ने से भी मना कर दिया है। ऐसे में पार्टी के पास उम्मीदवार की तलाश करना चुनौती बना हुआ है।
राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। चंडीगढ़ कांग्रेस इस समय अपने संगठन को मजबूत करने के साथ साथ आने वाले लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मजबूत उम्मीदवार भी तलाश रही है। क्योंकि साल 1990 से लगातार चुनाव लड़ रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल अब चंडीगढ़ सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर चुके हैं। पवन बंसल ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया है, लेकिन उन्होंने कहा कि वह पार्टी की मजबूती के लिए काम करते रहेंगे।
इस समय कांग्रेस में पवन बंसल का दबदबा है। सभी अहम निर्णय बंसल की सहमति के साथ ही लिए जाते हैं। पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की को भी बंसल की सिफारिश से ही बनाया गया है। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी हाईकमान की ओर से उम्मीदवार तय किया जाएगा। पार्टी किसी लोकल नेता के अलावा किसी सीनियर नेता को भी चुनाव मैदान में उतार सकती है।
शनिवार को चुने गए 35 डेलीगेट्स के साथ जो चुनाव अधिकारी व विधायक खिलाड़ी लाल बैरवा के साथ जब बैठक हुई थी उस समय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुभाष चावला ने कहा कि जल्द ही उम्मीदवार का नाम फाइनल कर दिया जाए, ताकि पार्टी उम्मीदवार को जितवाने का प्रयास करे।
ऐसा माना जा रहा है कि पार्टी हाईकमान कोई भी नया उम्मीदवार तय करने से पहले पवन बंसल की राय जरूर लेगा। चंडीगढ़ सीट पर कांग्रेस लगातार पिछले दो लोकसभा चुनाव हारी है। अगला लोकसभा चुनाव आम आदमी पार्टी भी मजबूती से लड़ेगी। कांग्रेस आने वाले लाेकसभा चुनाव में किसी 50 साल से कम आयु के नेता को भी उम्मीदवार बना सकती है। इस समय कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की की आयु 49 है। इस समय कांग्रेस का पूरा ध्यान आने वाले लोकसभा चुनाव पर है।
पार्टी में सभी वर्गों को शामिल करने योजना
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 35 प्रतिनिधियों के सुचारू ढंग से सम्पन्न हुए चुनाव के बाद पार्टी अगले कुछ दिनों में अपने विस्तार का एक व्यापक कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। प्रवक्ता राजीव शर्मा ने कहा कि जल्दी ही 35 सदस्यीय प्रदेश कांग्रेस कमेटी का विस्तार कर इसमें 66 और सदस्यों को शामिल किया जाएगा, जिससे प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कुल संख्या 101 हो जाएगी। पार्टी को और मजबूत करने के उद्देश्य से कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने पार्टी की प्रदेश, जिला और ब्लाक कांग्रेस कमेटियों को और ज़्यादा प्रतिनिधित्व देने के लिए उनमें समाज के सभी वर्गों के लोगों को शामिल किया जाएगा। जल्द ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी में 31 विशेष आमंत्रितों सदस्यों और उनके साथ साथ 9 को-आप्टिड सदस्यों को मनोनीत किया जाएगा, जिसमें पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष भी शामिल होंगें। फिलहाल पार्टी प्रकोष्ठों में बदलाव की प्रक्रिया चल रही है। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि उदयपुर चिंतन शिवर में पारित प्रस्तावों में हर राज्य में बूथ स्तरीय समितियों के गठन पर जोर दिया गया। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एचएस लक्की ने भी इसे प्राथमिकता के तौर पर लिया है। जल्द ही वह पार्टी की बूथ स्तरीय समितियों के गठन की घोषणा करेंगे। इस उद्देश्य के लिए कार्यकर्ताओं की पहचान करने की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है।