विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ कांग्रेस में गुटबाजी के आसार? चुनाव समितियों में सांसद-अध्यक्ष गुट का दबदबा; पूर्व केंद्रीय मंत्री का गुट दरकिनार 

Published: Sun, 18 Oct 2026 01:18 PM (IST)

चंडीगढ़ कांग्रेस में चुनाव समितियों में सांसद मनीष तिवारी और प्रदेशाध्यक्ष एचएस लक्की के खेमे का दबदबा है। पूर्व केंद्रीय ...और पढ़ें

पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल, सांसद मनीष तिवारी और प्रदेशाध्यक्ष एचएस लक्की।

पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल, सांसद मनीष तिवारी और प्रदेशाध्यक्ष एचएस लक्की।

HighLights

  1. दिसंबर में प्रस्तावित हैं नगर निगम चुनाव।

  2. सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

  3. समन्वय स्थापित करने की होगी चुनौती।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। दिसंबर में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव से पहले चंडीगढ़ कांग्रेस में गुटबाजी बढ़ती दिखाई दे रही है, जिसका असर संगठनात्मक तैयारियां पर भी दिखा है।

पार्टी की चुनाव समितियों के गठन में सांसद मनीष तिवारी और प्रदेशाध्यक्ष एचएस लक्की के खेमे से जुड़े नेताओं को जगह मिली है, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल गुट के नेताओं को इन समितियों में प्रतिनिधित्व नहीं मिला है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय, प्रचार, घोषणा पत्र और अनुशासनात्मक कार्रवाई समितियों के गठन को मंजूरी दी है। समिति गठन को पार्टी के अंदरूनी सियासी गुटबाजी और समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।

सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। निगम चुनाव की तैयारियों में इन समितियों की भूमिका रह सकती है। पार्टी के सामने शहर के 35 वार्डों में उम्मीदवारों के चयन, चुनाव प्रचार की रणनीति तैयार करने, स्थानीय मुद्दों को घोषणा पत्र में शामिल करने और संगठन के विभिन्न धड़ों के बीच समन्वय स्थापित करने की चुनौती होगी।

चुनाव प्रबंधन समिति में यह सदस्य किए गए शामिल

चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति का संयोजक चंद्र मुखी शर्मा को बनाया गया है। शर्मा सांसद मनीष तिवारी के करीबी है। समिति में पूर्व मेयर रविंदर सिंह पाली, मीनाक्षी चौधरी, दयाल प्रताप सिंह रंधावा, संदीप कपूर, अमित जायसवाल, अच्छेलाल गौर, आनंद वालिया, गुरदर्शन सिंह, जीशान उल हक और मनोज फूल सिंह को शामिल किया गया है।

वकील मनोज फूल सिंह पूर्व डिप्टी मेयर शीला के बेटे हैं। यह समिति चुनाव से संबंधित संगठनात्मक गतिविधियों और समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

प्रचार समिति के अध्यक्ष होंगे एचएस लक्की

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की को प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में एएस गुजराल और मोहम्मद सादिक को सदस्य बनाया गया है। नगर निगम चुनाव में पार्टी की प्रचार रणनीति, जनता तक संदेश पहुंचाने और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता देने की जिम्मेदारी इस समिति के पास होगी।

घोषणा पत्र और अनुशासन पर भी फोकस

घोषणा पत्र समिति की अध्यक्षता राजीव शर्मा करेंगे। शर्मा कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता भी है । इसमें जीएस काम्बोज, मीनाक्षी चौधरी, जतिन सिंह, इमरान मंसूरी, यदविंदर मेहता और पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा की पत्नी रितु छाबड़ा शामिल हैं। वहीं, अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति में पवन शर्मा, सुरिंदर सिंह, जतिंदर भाटिया, एनके नंदा, अच्छेलाल गौर, अनीता शर्मा और बीएम खन्ना को जगह दी गई है।