विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

27 नवंबर को रात 7 बजते ही चंडीगढ़वासी हो जाएं अलर्ट, बजेगा एयर रेड अलर्ट का सायरन; हो जाएगा ब्लैक आउट

Published: Mon, 23 Nov 2026 06:45 PM (IST)

चंडीगढ़ प्रशासन 27 नवंबर को शाम 7 बजे सिविल डिफेंस मॉक एक्सरसाइज आयोजित करेगा, जिसमें ब्लैकआउट अभ्यास और एयर रेड सायरन बजाए जाएंगे। नागरिकों से शांत रहने की अपील की गई है।

35 चिह्नित स्थानों पर एयर रेड वाॅर्निंग सायरन बजेंगे। (सांकेतिक फोटो)

35 चिह्नित स्थानों पर एयर रेड वाॅर्निंग सायरन बजेंगे। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. चंडीगढ़ में होगी सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल।

  2. 35 स्थानों पर एयर रेड सायरन बजेंगे।

  3. आपातकालीन तैयारियां परखी जाएंगी।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए प्रशासन की ओर से 27 नवंबर को सिविल डिफेंस मॉक एक्सरसाइज करवाई जाएगी। इसमें ब्लैकआउट अभ्यास भी शामिल होगा।

यह अभ्यास शाम सात बजे शुरू होगा। इस दौरान शहर के सभी 35 चिह्नित स्थानों पर एयर रेड वाॅर्निंग सायरन बजाए जाएंगे। प्रशासन के अनुसार, अभ्यास की शुरुआत दो मिनट तक हाई-लो पिच के सायरन से होगी।

इसके बाद अगले 20 मिनट तक विभिन्न विभागों और एजेंसियों के अधिकारी अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार स्टैंडर्ड आपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) के तहत काम करेंगे। अभ्यास के समापन पर दो मिनट तक हाई पिच का सायरन बजाया जाएगा।

इस मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, प्रतिक्रिया क्षमता और नागरिक सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों का आकलन करना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सायरन बजने पर लोगों को घबराने या किसी तरह की अफवाह पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।

सायरन सुनकर शांत रहें

प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सायरन सुनकर शांत रहें, मौके पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग करें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। यह केवल पूर्व निर्धारित मॉक अभ्यास होगा, वास्तविक हवाई हमले या किसी आपात स्थिति का अलर्ट नहीं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।