चंडीगढ़ में जेब्रा कॉसिंग और रॉन्ग पार्किंग के चालान का 100 रुपये में निपटारा, जानें क्या है ऑनलाइन प्रक्रिया
चंडीगढ़ जिला अदालत ने जेब्रा क्रॉसिंग और रॉन्ग पार्किंग के 500 रुपये वाले चालान का 100 रुपये में भुगतान करने ...और पढ़ें

जेब्रा क्राॅसिंग और रॉन्ग पार्किंग के 500 वाले चालान का 100 रुपये में भुगतान। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
2023 और 2024 में हुए चालान भरें।
तीन लाख के करीब चालान लंबित।
8500 चालान की लिस्ट अपडेट।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। जिला अदालत में जेब्रा क्राॅसिंग और रॉन्ग पार्किंग के 500 वाले चालान का 100 रुपये में भुगतान करने की सुविधा सोमवार से शुरू हो गई। यह सुविधा केवल 2023 और 2024 में हुए चालान पर ही मिलेगी। इस अवधि के चंडीगढ़ में सिर्फ जेब्रा क्राॅसिंग के ही तीन लाख के करीब चालान लंबित हैं।
पेंडेंसी क्लीयर करने के लिए डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने यह सुविधा शुरू की है। इसमें लोगों के लिए फायदा यह भी है कि वह घर बैठे ही चालान का भुगतान कर सकेंगे। उन्हें डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की वेबसाइट पर जाना होगा।
वहां अभी जेब्रा क्रासिंग के 8500 चालान की लिस्ट अपडेट की गई है। उस लिस्ट में लोग चालान नंबर से अपना चालान ढूंढ सकते हैं और उसी में ही ऑनलाइन पेमेंट लिंक भी दिया गया है। जिस पर क्लिक करके आसानी से भुगतान किया जा सकता है। ऐसे में लोगों को कोर्ट आने की भी जरूरत नहीं है।
ऐसे करें ऑनलाइन भुगतान
- चालान के भुगतान के लिए https://chandigarh.dcourts.gov.in/ वेबसाइट पर जाएं।
- होम पेज पर ही लेटेस्ट न्यूज के आप्शन में ट्रैफिक चालानों की लिस्ट और पेमेंट लिंक दिया है, उस पर क्लिक करें।
- क्लिक करने पर 8500 चालानों की लिस्ट खुल जाएगी, उसमें चालान नंबर से अपना चालान ढूंढे
- आपका चालान लिस्ट में है तो उसी के आगे ऑनलाइन पेमेंट लिंक पर क्लिक कर, बेसिक जानकारी भरकर भुगतान करें।
- अभी 8500 चालानों को ही शामिल किया गया है, आने वाले समय में और भी चालानों की लिस्ट अपलोड कर दी जाएगी।
- जिनका चालान इस लिस्ट में नहीं है, वह कोर्ट जाकर भुगतान कर सकता है।
पहले दिन असमंजस की स्थिति रही
पहले ही दिन इस व्यवस्था को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति देखने को मिली। इंटरनेट मीडिया पर अधूरी जानकारी फैलने के कारण बड़ी संख्या में वाहन चालक जिला अदालत पहुंच गए।
कई लोग रेड लाइट जंप, ओवरस्पीड और एक हजार रुपये जुर्माने वाले अन्य ट्रैफिक चालान लेकर भी पहुंच गए। अदालत परिसर में उन्हें समझाया गया कि फिलहाल केवल जेब्रा क्राॅसिंग और रांग पार्किंग के 500 रुपये वाले चालानों पर ही छूट मिलेगी।
अन्य ट्रैफिक उल्लंघनों के चालान इस सुविधा के दायरे में अभी शामिल नहीं किए गए हैं। भीड़ जमा होने के कारण पहले ही दिन जेब्रा क्राॅसिंग वाले चालानों के भुगतान में ही समस्याएं आईं। पहले दिन केवल पांच-सात लोगों के ही चालान भुगते जा सके। ऑनलाइन भुगतान में आसानी रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।