डांस, म्यूजिक और मैजिक शो..., शुरू हो चुका है चंडीगढ़ कार्निवल, विंटेज कारें भी यहां देखने को मिलेंगी
चंडीगढ़ कार्निवल-2026 सेक्टर-10 में शुरू हो गया है, जिसका उद्घाटन पंजाब के गवर्नर ने किया। यह तीन दिवसीय आयोजन 22 नवंबर तक चलेगा, जिसमें डांस, म्यूजिक, टैलेंट शो और विंटेज कारों का प्रदर्शन शामिल है।

चंडीगढ़ कार्निवल-2026 की शुरूआत।
HighLights
पंजाब के गवर्नर ने चंडीगढ़ कार्निवल 2026 का उद्घाटन किया।
तीन दिवसीय आयोजन में डांस, म्यूजिक, टैलेंट शो और कार डिस्प्ले।
गिप्पी ग्रेवाल, जावेद अली जैसे कलाकार देंगे शानदार प्रस्तुति।
एकता श्रेष्ठ, चंडीगढ़। डांस, म्यूजिक, टैलेंट शो, आर्ट एग्जीबिशन और अलग-अलग परफार्मेंस। सेक्टर-10 के गवर्नमेंट म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी के सामने वाले ग्राउंड में ऐसा ही माहौल नजर आया। क्योंकि यहां पर चल रहा है चंडीगढ़ कार्निवल-2026, इसकी शुरूआत शुक्रवार से कार्निवल परेड से हुई।
कार्निवल का उद्घाटन पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने किया। इसके बाद अलग-अलग गतिविधियां शुरू हुई। पहले दिन का माहौल ऐसा था कि एक ओर जहां रंग-बिरंगे फ्लोट्स में लोग राइड करते हुए नजर आए, वहीं दूसरी ओर लोगों को मौका दिया गया अपना टैलेंट दिखाने का।
कुछ लोग सेल्फी लेते हुए तो कुछ डांस, म्यूजिक, मैजिक शो देखते हुए नजर आए। तीन दिन तक चलने वाले इस कार्निवल की टूरिज़्म डिपार्टमेंट चंडीगढ़ की ओर से आयोजित करवाया जा रहा है। विंटेज एंड क्लासिक कार भी डिस्प्ले की गई हैं।

हर दिन म्यूजिकल नाइट भी
इसके अलावा कार्निवल में हर दिन म्यूजिकल नाइट भी होगी। इसमें बाॅलीवुड और पाॅलीवुड सिंगर आएंगे और प्रस्तुति देंगे। कार्निवल के पहले दिन से यानि आज हिमाचल पुलिस आर्केस्ट्रा की ओर से प्रस्तुति दी जाएगी। दूसरे दिन पंजाब के जाने-माने गायक गिप्पी ग्रेवाल प्रस्तुति देंगे। कार्निवल के आखिरी दिन बालीवुड सिंगर जावेद अली प्रस्तुति देंगे।