चंडीगढ़ में पुलिस बीट बाॅक्स के सामने गन पॉइंट पर कार लूटी, पलवल में एनकाउंटर के बाद दबोचे चार बदमाश
चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में गन पॉइंट पर कार लूटने वाले चार बदमाशों को हरियाणा के पलवल में पुलिस मुठभेड़ के ...और पढ़ें

सेक्टर-46 स्थित पुलिस बीट बाॅक्स के ठीक सामने से लूटी थी कार। (एआई जनरेटेड फोटो)
HighLights
स्विफ्ट डिजायर लेकर भागे थे बदमाश।
नंबर प्लेट हटा हरियाणा के पलवल पहुंचे।
पुलिस से मुठभेड़ में दो के पैरों में लगी गोली।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-46 स्थित पुलिस बीट बाॅक्स के ठीक सामने वीरवार रात करीब 11:15 बजे हुई बुड़ैल निवासी मोहन से गन पॉइंट पर कार लूटने के बाद चारों आरोपित हरियाणा के पलवल पहुंच गए। वहां नंबर प्लेट हटाकर घूम रहे बदमाशों को पुलिस ने घेर लिया।
पृथला-छपरौला रोड पर हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि उनके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पलवल पुलिस ने चारों के कब्जे से लूटी गई कार, दो हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लक्की, रोशनाचार्य, सन्नी और खुशप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, लक्की बरनाला के शक्ति नगर का निवासी है। रोशनाचार्य मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और वर्तमान में बरनाला में रह रहा था। अन्य दो आरोपित भी बरनाला के निवासी हैं। चारों के खिलाफ पंजाब में कुल 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इनमें लक्की पर छह, रोशनाचार्य पर नौ, सन्नी पर तीन और खुशप्रीत सिंह पर पांच मामले दर्ज हैं। इन मामलों में एनडीपीएस एक्ट, जानलेवा हमला, शराब तस्करी और अवैध हथियार रखने जैसे आरोप शामिल हैं।
आरोपितों के कब्जे से चंडीगढ़ से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, 315 बोर का एक कट्टा, एक देसी पिस्तौल, चार कारतूस, खाली खोल, कार की दोनों नंबर प्लेट और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
थाना गदपुरी में आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। चंडीगढ़ पुलिस आरोपितों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आएगी।
पीड़ित मोहन अंडे, ब्रेड और दूध की दुकान चलाते हैं। वीरवार रात वह दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-46 में पुलिस बीट बाॅक्स के ठीक सामने बदमाशों ने उन्हें गन पॉइंट पर ले लिया और कार लूटकर फरार हो गए।
वारदात के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की। जिला क्राइम सेल सेक्टर-24 की ओर से पलवल पुलिस को भी बदमाशों और लूटी गई कार के संबंध में सूचना दी गई।
नंबर प्लेट हटाकर बड़ी वारदात की फिराक में थे
पलवल पुलिस के अनुसार, सीआईए की टीम शुक्रवार को दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आल्हापुर मोड़ के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान चंडीगढ़ पुलिस से सूचना मिली कि चार बदमाश सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर लूटकर पलवल के गदपुरी क्षेत्र में पहुंचे हैं।
आरोपितों ने कार की नंबर प्लेट हटा दी थी और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। सूचना के बाद सीआईए प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह के नेतृत्व में दो विशेष टीमें बनाई गईं।
पुलिस टीम को पृथला-छपरौला रोड पर बड़े मंदिर के पास बिना नंबर प्लेट वाली संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने सरकारी वाहन आगे लगाकर कार रोकने की कोशिश की तो चारों आरोपित उतरकर झाड़ियों की ओर भागने लगे।
पीछा करने पर आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उन्हें हथियार डालने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपितों ने दोबारा हथियार तान दिए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसमें दो आरोपितों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर घायलों को नागरिक अस्पताल पलवल पहुंचाया।
