विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रदूषण से जूझ रहे शहर चंडीगढ़ ने कर दिखाया चमत्कार! छोटे प्रयासों से बदली हवा; 460 से 100 के नीचे आया AQI

By Balwan KarivalEdited By: Nitish Kumar Kushwaha
Published: Thu, 19 Nov 2026 06:30 PM (IST)

चंडीगढ़ ने छोटे प्रयासों, प्रशासनिक इच्छाशक्ति और नागरिक अनुशासन से प्रदूषण नियंत्रण में सफलता पाई है। नवंबर में शहर का ...और पढ़ें

चंडीगढ़ ने दिखाई प्रदूषण नियंत्रण की राह।

चंडीगढ़ ने दिखाई प्रदूषण नियंत्रण की राह।

HighLights

  1. पेड़ों के नीचे ग्रीन बेड बनाकर धूल प्रदूषण नियंत्रित किया गया

  2. डीजल वाहनों को हटाकर इलेक्ट्रिक परिवहन को बढ़ावा दिया गया

  3. प्रशासनिक इच्छाशक्ति और नागरिक अनुशासन ने प्रदूषण घटाया

बलवान करिवाल, चंडीगढ़। जब देश के ज्यादातर शहर जहरीली हवा और बढ़ते प्रदूषण से जूझ रहे हैं, तब चंडीगढ़ ने उम्मीद की एक नई राह दिखाई है। कभी सर्दियों की शुरुआत में ही प्रदूषण के गंभीर स्तर तक पहुंचने से परेशान रहने वाला यह शहर इस बार संतोषजनक हवा में सांस ले रहा है।

नवंबर माह में यहां का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (एक्यूआई) दीपावली छोड़कर शेष दिनों में 100 से नीचे बना हुआ है, वहीं दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा के साथ ही अन्य बड़े शहरों में इससे कहीं ज्यादा है। दीपावली की रात भी जब देश के कई शहरों में पटाखों के धुएं से हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई थी, तब चंडीगढ़ की स्थिति तुलनात्मक रूप से काफी बेहतर रही।

शहर का एक्यूआई लेवल जहां महज 134 था, वहीं समीप के शहर मोहाली में साढ़े तीन सौ के करीब था। यह बदलाव किसी एक बड़े प्रोजेक्ट का परिणाम नहीं, छोटे-छोटे प्रयासों, प्रशासनिक इच्छाशक्ति और नागरिक अनुशासन की साझा कामयाबी है। चंडीगढ़ ने साबित किया है कि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए केवल बड़ी योजनाओं का इंतजार करना जरूरी नहीं, स्थानीय स्तर पर सही दिशा में किए गए छोटे प्रयास भी बड़े परिणाम दे सकते हैं।

पेड़ों के नीचे हरियाली से धूल पर पाया काबू

18chi_19_18112026_654 (1)

चंडीगढ़ पहले से ही अपने पेड़ों और हरित क्षेत्रों के लिए जाना जाता है। इसके बावजूद पिछले वर्षों में यहां प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता रहा। ऐसे में प्रशासन ने प्रदूषण के एक ऐसे स्रोत पर ध्यान दिया, जो अक्सर नजरअंदाज हो जाता है।

सड़कों के किनारे बड़े पेड़ों के नीचे और रोड बर्म पर खाली पड़ी मिट्टी वाहनों की आवाजाही से उड़कर हवा में मिलती है। इस धूल को रोकने के लिए पेड़ों के बीच खाली जगहों पर छोटे पौधे लगाकर ग्रीन बेड तैयार करने का प्रयोग किया गया। इससे दोहरा लाभ मिला।

एक ओर खाली मिट्टी ढकने से धूल उड़ने पर अंकुश लगा, दूसरी ओर हरियाली का दायरा बढ़ा। अब शहर के कई हिस्सों में पेड़ों के नीचे ऐसे ग्रीन बेड दिखाई देने लगे हैं। नगर निगम बाकी सड़कों पर भी इन्हें विकसित करने की तैयारी कर रहा है। व्यस्त चौराहों पर धूल को नियंत्रित करने के लिए मिस्ट फाउंटेन लगाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

डीजल की जगह इलेक्ट्रिक परिवहन

प्रदूषण नियंत्रण की दूसरी अहम कड़ी वाहनों से निकलने वाला धुआं रहा। इसके लिए डीजल आटो को शहर से बाहर करने और डीजल बसों की जगह इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ावा देने की दिशा में कदम उठाए गए। सार्वजनिक परिवहन में इलेक्ट्रिक बसों की बढ़ती भागीदारी से ईंधन आधारित वाहनों पर निर्भरता घटाने में मदद मिली।

इसके साथ ही मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग, सड़कों पर पानी का छिड़काव और एंटी स्माग गन के इस्तेमाल को बढ़ाया गया। निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण और मलबे के प्रबंधन के नियम सख्त किए गए। खुले में कचरा और पत्तियां जलाने पर रोक लगाई गई तथा हरित क्षेत्र बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

दीपावली पर भी अनुशासन ने दिखाई ताकत

चंडीगढ़ की बेहतर हवा के पीछे नागरिक अनुशासन की भूमिका भी अहम रही। दीपावली पर प्रशासन ने केवल सीएसआइआर-नीरी प्रमाणित ग्रीन पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल की अनुमति दी। पटाखे चलाने के लिए रात आठ से 10 बजे तक का समय निर्धारित किया गया।

नियमों और समय सीमा का पालन कराने के प्रयासों से प्रदूषण के दबाव को कम करने में मदद मिली। इस तरह प्रशासन की ओर से किए गए उपायों के साथ नागरिकों की भागीदारी ने भी असर दिखाया।

पराली भी एक वजह

चंडीगढ़ का अनुभव दूसरे शहरों के लिए भी सीख है। प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए परिवहन व्यवस्था में बदलाव, सड़क की धूल पर रोक, निर्माण स्थलों की निगरानी, हरियाली का विस्तार और नागरिकों का सहयोग एक साथ जरूरी है। हालांकि, अनुकूल मौसम और पंजाब-हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं में कमी को भी इस बार बेहतर हवा की वजह माना जा रहा है।

पिछले वर्षों में नवंबर माह में अधिकतम एक्यूआई

वर्षवार औसत एक्यूआई (AQI) तालिका

वर्ष औसत एक्यूआई (AQI)
2022 452 (09 नवंबर)
2023 453 (12 नवंबर)
2024 460 (14 नवंबर)
2025 309 (02 नवंबर)
2026 134 (8 नवंबर)

इस वर्ष किस माह में अधिकतम एक्यूआई

महीना औसत एक्यूआई
जनवरी 282 (01 जनवरी)
फरवरी 143 (10 फरवरी)
मार्च 173 (07 मार्च)
अप्रैल 109 (24 अप्रैल)
मई 105 (28 मई)
जून 99 (07 जून)
जुलाई 116 (12 जुलाई)
अगस्त 56 (25 अगस्त)
सितंबर 75 (10 सितंबर)
अक्टूबर 108 (06 अक्टूबर)

मैकेनाइज्ड सफाई, पानी का छिड़काव, रोड बर्म पर ग्रीन बेड बनाना प्रदूषण नियंत्रण में कारगर सिद्ध हुए हैं। अब पेड़ों के बीच में ऐसे ग्रीन बेडों की लाइनें जगह-जगह दिखने लगी हैं। बाकी बचे रोड पर भी ऐसे बेड बनाए जाएंगे। इससे शहर की हवा और बेहतर होगी। -अमित कुमार, कमिश्नर, नगर निगम, चंडीगढ़।

Hitesh puri crafed

पिछले कई वर्षों में ग्रीनरी के बावजूद चंडीगढ़ में प्रदूषण का स्तर बढ़ता रहा था। सर्दियों में तो प्रशासन को एडवाइजरी तक जारी करनी पड़ती थी, लेकिन इस बार शहर की हवा काफी साफ है। हो सकता है प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए जो प्रयास हुए हैं, यह उनका परिणाम हो। इलेक्ट्रिक व्हीकल भी शहर में लगातार ईंधन वाले वाहनों की जगह ले रहे हैं, जोकि अच्छा संकेत है।- हितेश पुरी, अध्यक्ष, चंडीगढ़ रेजिडेंट एसोसिएशंस वेलफेयर फेडरेशन (क्राफेड)

Shikha nijhawan Rwa 27  (1)

गुलाबी ठंड के यह दिन व्यायाम और सैर के लिए बहुत अच्छे होते हैं, लेकिन पिछले कई वर्षों में प्रदूषण अधिक रहने से बुजुर्ग इन दिनों में घरों से बाहर निकलने में डरते थे। इस बार हवा पिछले वर्षों के मुकाबले साफ है। प्रशासन को हवा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सुधारात्मक कदम लगातार बढ़ाने चाहिए।- शिखा निझावन, अध्यक्ष, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-27

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।