Move to Jagran APP

अश्वनी शर्मा पर हमले के विरोध में चंडीगढ़ भाजपा का धरना, कहा- ईंट का जवाब पत्थर से देगी पार्टी

चंडीगढ़ भाजापा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि पंजाब अध्यक्ष अश्वनी शर्मा पर जानलेवा हमला कांग्रेस पार्टी के गुंडों ने किया है। कैप्टन सरकार पंजाब में किसानों को गुमराह कर भड़काने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस सरकार घटिया और ओछी हरकतों पर उतर आई है।

By Pankaj DwivediEdited By: Published: Tue, 13 Oct 2020 06:15 PM (IST)Updated: Tue, 13 Oct 2020 06:15 PM (IST)
अश्वनी शर्मा पर हमले के विरोध में चंडीगढ़ भाजपा का धरना, कहा- ईंट का जवाब पत्थर से देगी पार्टी
पंजाब कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने निकले भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया।

चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद के नेतृत्व में मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा पर जानलेवा हमला करने के विरोध में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय 'कमलम' में एकत्रित हुए और पंजाब कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने के लिए मार्च किया। उन्होंने अपने हाथ में पंजाब सरकार के विरोध में लिखी तख्तियां भी ले रखी थी। हालांकि चंडीगढ़ पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को 20-21-33-34 के चौक पर रोक लिया। यहां उन्होंने लगभग एक घंटे तक धरना दिया और कांग्रेस और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ नारेबाजी की।

loksabha election banner

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा पर कांग्रेस पार्टी के गुंडों ने जानलेवा हमला किया है, जो कि अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि कैप्टन सरकार पंजाब में किसानों को गुमराह कर भड़काने का प्रयास कर रही है जबकि भाजपा जन-जागरण अभियान के जरिये  पंजाब के किसानों को सच्चाई से अवगत करा रही है। इसी से घबरा कर पंजाब की कांग्रेस सरकार घटिया और ओछी हरकतों पर उतर आई है।

पंजाब भाजपा प्रधान पर हमले के विरोध में चंडीगढ़ में विरोध जताते हुए भाजपा नेता।

अरुण सूद ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा था की पंजाब के किसानों का 90 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया जाएगा। किसानों को और भी कई लाभ दिए जाएंगे। अब साढ़े तीन साल के बाद पंजाब के किसान अपने आप को कांग्रेस के हाथों ठगा महसूस कर रहे हैं। अरुण सूद ने केंद्र सरकार से पंजाब सरकार को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग की।

भाजपा महासचिव रामवीर भट्टी ने कहा कि कांग्रेस सरकार किसानों को गुमराह करके पंजाब का माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि  भाजपा के एक भी कार्यकर्ता को यदि कैप्टन सरकार ने नुकसान पहुंचाया गया तो पार्टी मूकदर्शक बन कर नहीं बैठेगी और ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा। इस अवसर पर पंजाब एवं चंडीगढ़ के संगठन महासचिव दिनेश कुमार, पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली, दीदार सिंह हल्लोमाजरा, पार्षद गुरप्रीत सिंह ढिल्लों ने भी संबोधित किया। प्रदर्शन में आशा जसवाल, हुकम चंद, तेजिंदर सिंह सरां, देवी सिंह भाटी, गजेंद्र शर्मा, गौरव गोयल, जगतार सिंह ढिल्लों, राजिंदर शर्मा, मुनीश भसीन, नरेश पांचाल,  रूबी गुप्ता, अवतार सिंह मनीमाजरा और महेंद्र निराला भी उपस्थित थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.