Chandigarh BJP: अरुण सूद को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुनने की रणनीति पर हो रहा काम
अरुण सूद इसलिए चार सेट भरना चाहते हैं ताकि यह साबित किया जाए कि उनके विरोध में कोई नहीं है। सूद ने जो चार सेट भरे हैं उनमें 37 डेलीगेट्स के हस्ताक्षर हो चुके हैं।
चंडीगढ़, [राजेश ढल्ल]। भारतीय जनता पार्टी की शहर इकाई ने नगर निगम के पूर्व मेयर अरुण सूद को सर्वसम्मति से नया भाजपा अध्यक्ष बनाने की योजना बनाई है। सूद के खिलाफ कोई भी उम्मीदवार नामांकन नहीं भरेगा। अरुण सूद ने नामांकन के चार सेट भरे हैं जिन्हें शुक्रवार को दाखिल किया जाएगा। चुनाव करवाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय सचिव चंडीगढ़ आ रहे हैं। चुनाव करवाने के लिए 41 डेलीगेट्स तय किए गए हैं जिनमें सांसद किरण खेर भी शामिल हैं।
अरुण सूद इसलिए चार सेट भरना चाहते हैं ताकि यह साबित किया जाए कि उनके विरोध में कोई नहीं है। सूद ने जो चार सेट भरे हैं, उनमें 37 डेलीगेट्स के हस्ताक्षर हो चुके हैं। सांसद किरण खेर ने भी सूद के एक नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। सिर्फ फरमिला देवी, पूर्व मेयर देवेश मोदगिल और हीरा नेगी के हस्ताक्षर नहीं हुए हैं। पार्टी की ओर से इन तीन पार्षदों से आज शाम तक हस्ताक्षर करवा लिया जाएगा। नियमों के अनुसार अगर कोई डेलीगेट्स किसी दूसरे उम्मीदवार के नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर करेगा तो उसका नामांकन पत्र खारिज हो जाएगा।
जैन गुट कर रहा है सूद का विरोध
अरुण सूद का अध्यक्ष पद पर चुनाव को लेकर पार्टी के भीतर खींचतान भी मची है। पूर्व सांसद सत्यपाल जैन गुट पूरी तरह अरुण सूद के खिलाफ है। दूसरी ओर, सूद निवर्तमान भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन के करीबी हैं। उन्हें अध्यक्ष बनाने में टंडन गुट भी अपनी जीत मान रहा है। सांसद किरण खेर का भी सूद को समर्थन मिल रहा है।
जानें कौन हैं अरुण सूद
अरुण सूद दूसरी बार चंडीगढ़ नगर निगम में पार्षद चुनकर आए हैं। अगर सबकुछ ठीक रहा तो वह भाजपा अध्यक्ष पद की बागडोर 17 जनवरी को संभाल लेंगे। सूद भाजपा के वर्तमान कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के भी करीबी हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें