विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

661 करोड़ के घोटाले के आरोपित को होटल में ठहराया, चंडीगढ़ के दो पुलिसकर्मियों समेत 5 के खिलाफ चालान पेश

Published: Sat, 03 Oct 2026 02:54 PM (IST)

661 करोड़ के बैंक घोटाले के आरोपित विक्रम वधवा को होटल ले जाने के मामले में दो पुलिसकर्मियों सहित पांच ...और पढ़ें

विक्रम वधवा को होटल से लेकर जाती पुलिस टीम।

विक्रम वधवा को होटल से लेकर जाती पुलिस टीम।

HighLights

  1. अस्पताल से जेल ले जाने के बजाय होटल में लेकर गए थे।

  2. दो पुलिसकर्मियों, वधवा के बेटों सहित पांच पर आरोप पत्र दाखिल।

  3. पुलिस को होटल में फरारी की योजना पर चर्चा की आशंका है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। हरियाणा और चंडीगढ़ के बहुचर्चित 661 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले के आरोपित चंडीगढ़ के रियल इस्टेट इन्वेस्टर विक्रम वधवा को होटल ले जाने के मामले में सेक्टर-17 थाना पुलिस ने दो पुलिसकर्मियों समेत पांच आरोपितों के खिलाफ चालान पेश किया है।

आरोप पत्र में सब-इंस्पेक्टर जगमेहर और एएसआई सुरिंदर के अलावा जेल में बंद विचाराधीन कैदी विक्रम वधवा तथा उसके बेटे करण वधवा और कुणाल वधवा को आरोपित बनाया गया है। पुलिस ने मामले में सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक विक्रम वधवा ने जेल में तबीयत खराब होने की शिकायत की थी। अदालत की अनुमति के बाद उसे इलाज के लिए सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया।

उपचार के बाद उसे जेल वापस ले जाने के बजाय दोनों पुलिसकर्मी निजी वाहन से सेक्टर-17 स्थित होटल सिटीहार्ट ले गए। पुलिस के अनुसार, विक्रम वाधवा होटल में काफी देर तक रुका। इस दौरान उसने वहां परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों से मुलाकात की।

यह भी पढ़ें- 661 करोड़ के घोटाले का आरोपित वधवा जेल से आया इलाज के बहाने, होटल में मस्ती करते काबू; SI-ASI समेत पांच गिरफ्तार

जांच में पुलिस को यह भी आशंका सामने आई कि होटल में उसकी फरारी की योजना को लेकर चर्चा हुई थी। हालांकि, इस संबंध में सामने आए आरोपों और साक्ष्यों का परीक्षण अदालत में होना है।

पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के घेरे में

मामला सामने आने के बाद सेक्टर-17 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिसकर्मियों की भूमिका और होटल में हुई मुलाकातों से जुड़े तथ्यों को भी जांच में शामिल किया गया। अब पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद पांचों आरोपितों के खिलाफ जिला अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया है।

यह भी पढ़ें- डेढ़ हजार की नौकरी से 590 करोड़ के घोटाले तक, रियल एस्टेट इन्वेस्टर विक्रम वधवा की हैरान करने वाली कहानी