विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ के सारंगपुर हाई स्कूल में साढ़े चार साल बाद लौटेंगे विद्यार्थी-शिक्षक, चार मंजिला नए भवन में लगेंगी क्लास

Published: Sun, 01 Nov 2026 04:49 PM (IST)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चंडीगढ़ के सारंगपुर हाई स्कूल के नए चार मंजिला भवन का उद्घाटन किया। अब ...और पढ़ें

HighLights

  1. अमित शाह ने सारंगपुर हाई स्कूल के नए भवन का उद्घाटन किया।

  2. 12 करोड़ की लागत से बना चार मंजिला आधुनिक स्कूल।

  3. साढ़े चार साल बाद विद्यार्थी-शिक्षक अपने स्कूल लौटेंगे।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। साढ़े चार साल के बाद गवर्नमेंट हाई स्कूल सारंगपुर के विद्यार्थियों और शिक्षकों की अपने स्कूल में वापसी होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार स्कूल के नए भवन का शुभारंभ किया।

जुलाई 2022 में जर्जर इमारत के कारण बंद किया थ जो कि अब चार मंजिला आधुनिक भवन बनकर तैयार हुआ है। नया भवन खुलने से यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को राहत मिलेगी, बल्कि आसपास के अन्य सरकारी स्कूलों में कमरों की कमी और डबल शिफ्ट की समस्या दूर होगी।

करीब ढाई एकड़ में बने नए स्कूल भवन में कुल 42 कमरे तैयार किए गए हैं जिसमें 30 कमरे क्लासरूम है जबकि अन्य लैब, लाइब्रेरी और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं की व्यवस्था है। भवन की एक खासियत विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया मिड-डे मील डाइनिंग हाल है। नए भवन में करीब 1500 विद्यार्थियों के बैठने की क्षमता है।

स्थानीय लोगों ने जताया आभार

स्कूल भवन खुलने से स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने नए स्कूल भवन के शुभारंभ पर खुशी जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यार्थी और शिक्षक दूसरे स्कूलों में जाकर पढ़ाई कर रहे थे। अब स्कूल में जल्द नियमित कक्षाएं शुरू होनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके।

खुड्डा लाहौरा-खुड्डा जस्सू को भी फायदा

नए भवन के शुरू होने से आसपास के तीन अन्य सरकारी स्कूलों को भी राहत मिलेगी जिसमें गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सारंगपुर, खुड्डा लाहौरा और खुड्डा जस्सू में डबल है। खुड्डा लाहौरा और खुड्डा जस्सू के स्कूल भवन पुराने हैं और वहां क्लासरूम भी छोटे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को बैठाने में परेशानी होती है।

प्रशासक गुलाब चंद कटारिया सितंबर में डबल शिफ्ट में चल रहे स्कूलों को बड़े भवन उपलब्ध करवाकर सिंगल शिफ्ट में संचालित करने के निर्देश दे चुके हैं। सारंगपुर हाई स्कूल का नया भवन शुरू होने के बाद विद्यार्थियों को उनकी जरूरत और आरटीई के निर्धारित दायरे के अनुसार आसपास के स्कूलों में समायोजित करने की योजना पर काम हो सकता है।

खुड्डा लाहौरा के विद्यार्थियों को सारंगपुर और खुड्डा जस्सू के विद्यार्थियों को सेक्टर-12 स्थित स्कूल में शिफ्ट करने की संभावना भी जताई जा रही है। ये सभी स्कूल करीब दो से ढाई किलोमीटर के दायरे में हैं।

जुलाई 2022 में खाली करवाई थी जर्जर इमारत

मई 2022 में दैनिक जागरण ने स्कूल की गंभीर स्थिति को उजागर किया था जिसके बाद तत्कालीन प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने टीन शेड में चल रहे हल्लोमाजरा हाई स्कूल का दौरा किया था। इसके बाद उन्होंने स्पष्ट किया था कि कोई भी सरकारी स्कूल टीन शेड में नहीं चलेगा और जर्जर इमारतों का पुनर्निर्माण करवाया जाएगा।

इसी क्रम में जुलाई 2022 में सारंगपुर हाई स्कूल की पुरानी इमारत को खाली करवा दिया गया था। उस समय स्कूल में करीब 600 विद्यार्थी पढ़ रहे थे। हाई स्कूल के प्राइमरी विंग को गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सारंगपुर में शिफ्ट किया गया था, जबकि हाई स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों को सेक्टर-12 स्थित सरकारी स्कूल में भेज दिया गया था।

तब से विद्यार्थी और शिक्षक वहीं से अपनी शैक्षणिक गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। अब नए भवन के शुभारंभ के बाद उनकी अपने स्कूल में वापसी की उम्मीद जगी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।