चंडीगढ़ एयरपोर्ट ने 24 घंटे ऑपरेशनल होने की ओर बढ़ाए कदम, जल्द शुरू होंगी तीन नई फ्लाइट्स
चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट जल्द तीन फ्लाइट्स शुरू होने वाली है। इसी महीने 30 अप्रैल से तीन फ्लाइट देर रात चंडीगढ़ में लैंड होंगी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के 24 घंटे ऑपरेशनल होने की कड़ी में बुधवार को एयरपोर्ट का संचालन रात के सवा 8 बजे तक किया गया। एयरपोर्ट से जेट एयरवेज जेट एयरवेज की फ्लाइट रात 8:15 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई। यह फ्लाइट दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रात के 9:38 बजे लैंड होगी। एयरपोर्ट प्रबंधन की मानें तो 11 अप्रैल वीरवार से चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पूरी तरह से ऑपरेशनल हो जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आखिरी फ्लाइट शाम 4:35 बजे की थी।
तीन नई फ्लाइट्स से जुड़ी जानकारी
चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट जल्द तीन फ्लाइट्स शुरू होने वाली है। इसी महीने 30 अप्रैल से तीन फ्लाइट देर रात चंडीगढ़ में लैंड होंगी। इनमें चेन्नई से आने वाली फ्लाइट चंडीगढ़ में रात 8:30 बजे लैंड होगी और अगले दिन सुबह 7:45 बजे चेन्नई को रवाना होगी। बेंगलुरू से चंडीगढ़ आने वाली 10:35 बजे चंडीगढ़ में लैंड होगी और चंडीगढ़ से बेंगलुरू के लिए सुबह 6:35 पर रवाना होगी। इसके अलावा हैदराबाद से रात 11:35 पर लैंड होगी। अगले दिन सुबह 6:55 पर हैदराबाद के लिए रवाना होगी। यह फ्लाइट रात में चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर ही पार्क होगी। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने समर शेड्यूल जारी कर दिया है। इसमें 38 फ्लाइट्स ऑपरेट हो रही हैं।
11 अप्रैल से पूरी तरह से ऑपरेशनल हो जाएगा एयरपोर्ट
चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के प्रवक्ता दीपेश मिश्रा ने बताया कि बुधवार को चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार को 28 फ्लाइट्स का संचालन किया गया। 11 अप्रैल से यह शेड्यूल बढ़कर 38 फ्लाइट्स का हो जाएगा। एयरपोर्ट 24 घंटे खुलने के बाद कुछ और एयरलाइंस भी जल्द अपनी फ्लाइट्स शुरू कर सकती हैं। कुछ नए स्लॉट और आएंगे, जिससे नए डेस्टिनेशन के अलावा दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू जैसी डेस्टिनेशन पर पैसेंजर सुबह जाकर रात को लौट सकेंगे। इसके अलावा कनाडा, यूरोप और अमेरिका के लिए भी फ्लाइट्स शुरू हो सकती है।