विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में वकील ने स्कूली छात्रा से की गंदी हरकत, पुलिस ने धर-दबोचा; हाईकोर्ट में करता है प्रैक्टिस

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:05 AM (IST)

चंडीगढ़ में एक वकील को स्कूल से लौट रही नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने और उसे कार में बैठाने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से 26 वर्षीय आरोपित वैभव को पकड़ा, जो हाईकोर्ट में वकालत करता है।

अचानक सामने आई इस स्थिति से बच्ची घबरा गई। (सांकेतिक फोटो)

 अचानक सामने आई इस स्थिति से बच्ची घबरा गई। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. कार रोकी और बहन कहकर अपने पास बुलाया।

  2. सीसीटीवी फुटेज से आरोपित को पुलिस ने पकड़ा।

  3. आरोपित पंजाब के गुरदासपुर का रहने वाला है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। स्कूल से घर लौट रही नाबालिग छात्रा के साथ गंदी हरकत करने और उसे बहला-फुसलाकर कार में बैठाने की कोशिश करने वाले युवक को सेक्टर-34 थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपित की पहचान पंजाब के गुरदासपुर निवासी 26 वर्षीय एडवोकेट वैभव के रूप में हुई है। वह हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करता है। पुलिस ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपित और उसकी कार की पहचान की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

घटना 19 फरवरी की है। स्कूल से छुट्टी होने के बाद छात्रा बस से उतरकर घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान स्विफ्ट कार में बैठे युवक ने उसे आवाज दी और बहन कहकर अपने पास बुलाया। अनजान व्यक्ति के बहन कहकर पुकारने पर बच्ची उसकी बात सुनने के लिए रुक गई।

इसके बाद युवक ने उसे बताया कि उसे शुगर की बीमारी है और पेशाब करने में परेशानी होती है। उसने बच्ची से मदद मांगी और कहा कि घर पर उसकी बहन भी इस तरह उसकी सहायता करती है।

बच्ची उसकी बातों को समझने की कोशिश कर ही रही थी कि युवक ने उसे अश्लील हरकत करने के लिए उकसाना शुरू कर दिया। उसने बच्ची से अपने निजी अंग को छूने के लिए कहा और फिर कार में बैठने का दबाव बनाने लगा। अचानक सामने आई इस स्थिति से बच्ची घबरा गई। वह किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंची। उसके भागने पर आरोपित भी मौके से फरार हो गया।

डर के बीच बच्ची ने बताई आपबीती

घर पहुंचने के बाद बच्ची ने अपने माता-पिता को घटना के बारे में बताया। एक अनजान व्यक्ति की बातों में आकर कुछ पल रुकना और फिर उसकी ऐसी हरकतों का सामना करना बच्ची के लिए बेहद डरावना अनुभव रहा। घटना के बाद से वह सहमी हुई है। परिजनों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को शिकायत दी।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कैमरों में संदिग्ध कार दिखाई दी। बच्ची ने भी कार देखकर उसकी पहचान की। इसके बाद कार के नंबर के आधार पर आरोपित का पता लगाया गया।

महिला मित्र की कार लेकर पहुंचा था चंडीगढ़

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित अपनी महिला मित्र की कार लेकर चंडीगढ़ आया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह हाईकोर्ट में वकील के तौर पर प्रैक्टिस करता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपित को अदालत में पेश किया जाएगा और पीड़ित बच्ची से उसकी पहचान करवाई जाएगी।


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।