चंडीगढ़ AAP पार्षदों ने सलाहकार को दी शिकायत, बोले- अधिकारियों ने स्टडी टूर पर खर्च किए करोड़ों, डंपिंग ग्राउंड की समस्या वैसी
चंडीगढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षदों ने नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ प्रशासक के सलाहकार धर्म पाल को शिकायत दी है। आप पार्षदों का आरोप है कि अधिकारियों ने कई स्टडी टूर किए और लोगों का पैसा बर्बाद किया। बावजूद डंपिंग ग्राउंड की समस्या हल नहीं हुई।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने नगर निगम के अधिकारियों पर आरोप लगाया है कि डंपिंग ग्राउंड के कचरे के पहाड़ को कम करने और सालिड वेस्ट मैनजमेंट को लागू करने के लिए दूसरे राज्यों में स्टडी किए गए। इन स्टडी टूर में जनता के पैसे बर्बाद किए गए, लेकिन फायदा कुछ नहीं हुआ।
इस संबंध में आप पार्षदों ने सलाहकार धर्म पाल को शिकायत पत्र भी दिया है। योगेश ढ़ीगरा के नेतृत्व में आप पार्षदों ने सलाहकार को शिकायत दी है। आप पार्षदों ने कहा कि डंपिंग ग्राउंड के लिए जो पैसे की बर्बादी की जा रही है उसे रोका जाए। मानसून से पहले डंपिंग ग्राउंड के कचरे से उठने वाली बदबू को खत्म किया जाए। पूरे शहर के लोग डंपिंग ग्राउंड की दुर्गंध और बार बार आग लगने की घटना से परेशान हैं। इससे स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें भी हो रही हैं।
पार्षदों ने कहा कि पिछले हफ्ते हुई बारिश से हालात और खराब हो गए हैं। आप पार्षद योगेश ढ़ीगरा ने कहा कि डंपिंग ग्राउंड की बदबू को रोकने के लिए नगर निगम द्वारा किए जा रहे प्रयास नाकाफी हैं। एनजीटी के आदेश और पंजाब व हरियाणा हाई कोर्ट में नगर निगम ने डंपिंग ग्राउंड के संबंध में जो एक्शन टेकन रिपोर्ट पेश की है उसमें जमीनी स्तर पर फर्क है।
योगेश ढींगरा ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने कचरा प्रबंधन के लिए दूसरे राज्यों के स्टडी टूरों पर करोड़ों रुपये खर्च किए, लेकिन खर्च को सही ठहराने के लिए कोई भी उपलब्धि नहीं की। इन दौरों से शहर को क्या लाभ हुआ, इस पर कोई पारदर्शिता नहीं है। किसी भी अधिकारी को जवाबदेह नहीं ठहराया गया है।
गौरतलब है कि पिछले तीन साल से पार्षदों के स्टडी टूर कहीं नहीं जा रहे हैं। यह पहली बार हुआ जब पार्षद अधिकारियों की शिकायत लगा रहे हैं। जबकि भाजपा पार्षद प्रशासन में अफसरशाही हावी होने की शिकायत लगा रहे हैं। भाजपा के पार्षद अपने पार्टी के नेताओं को कई बार शिकायत लगा चुके हैं कि अधिकार उनकी नहीं सुनते हैं। अधिकारी लोगों के काम नहीं कर रहे हैं।