चंडीगढ़ में 12 फ्री-होल्ड रिहायशी प्लॉट बेचेगा प्रशासन, किस सेक्टर में सबसे सस्ता और क्या है रिजर्व प्राइस? जानें सबकुछ
चंडीगढ़ प्रशासन 15 से 17 दिसंबर तक 12 फ्री-होल्ड रिहायशी प्लॉटों की ई-बिक्री करेगा, जिसके लिए 11 दिसंबर तक दस्तावेज जमा किए जा सकते हैं। इन प्लॉट्स का रिजर्व प्राइस 3.38 करोड़ से 34.32 करोड़ रुपये तक है, जिसमें सेक्टर-33 का प्लॉट सबसे महंगा है।

अलग-अलग सेक्टरों में 12 फ्री-होल्ड रिहायशी प्लॉट बेचेगा प्रशासन।
HighLights
ई-बिक्री 15 से 17 दिसंबर तक चलेगी।
100 से 1014 वर्ग गज तक के प्लॉट।
रिजर्व प्राइस 3.38 से 34.32 करोड़ तक।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल में अपना घर हो तो जिंदगी में अलग ही सुकून मिलता है। ऐसे इच्छुक लोगों के लिए प्रशासन अब सुनहरा अवसर लेकर आया है। प्रशासन अलग-अलग सेक्टरों में 12 फ्री-होल्ड रिहायशी प्लॉट बेचने जा रहा है।
इसके लिए ई-बिक्री 15 दिसंबर सुबह 9 से 17 दिसंबर सुबह 11 बजे तक चलेगी। अगर कोई इच्छुक है तो वह 11 दिसंबर शाम 5 बजे तक दस्तावेज और बयाना राशि (ईएमडी) जमा करा सकता है।
नीलामी में 100 वर्ग गज से लेकर 1014 वर्ग गज तक के प्लॉट शामिल किए गए हैं, जिनका रिजर्व प्राइस 3.38 करोड़ से शुरू होकर 34.32 करोड़ रुपये तक है।
सेक्टर-33 का 1014 वर्ग गज का कॉर्नर का प्लॉट 34.32 करोड़ रुपये रिजर्व प्राइस के साथ सबसे महंगा है। वहीं सेक्टर-44बी के 100-100 वर्ग गज के 2 प्लॉट्स की रिजर्व प्राइस 3.38 करोड़ रुपये प्रति प्लॉट रखी गई है, जोकि सबसे सस्ते हैं।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और ईएमडी जमा करने की प्रक्रिया
- सरकारी पोर्टल eauction.gov.in पर रजिस्ट्रेशन करना होगा।
- वैध डिजिटल हस्ताक्षर प्रमाणपत्र (डीएससी) जरूरी है।
- ईएमडी का भुगतान आरटीजीएस या एनईएफटी के माध्यम से करना होगा।
- भुगतान के बाद यूटीआरनंबर और पैन कार्ड की स्कैन कॉपी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
प्लॉट्स के लेआउट और जोनिंग की जानकारी urbanplanning.chd.gov.in पर देखी जा सकती है।