चंडीगढ़ में 116 करोड़ का घोटाला; स्मार्ट सिटी CFO नलिनी मलिक गिरफ्तार, फर्जी FD से खुला बड़ा खेल
चंडीगढ़ नगर निगम के 116 करोड़ रुपये के घोटाले में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की सीएफओ नलिनी मलिक को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

आईडीएफसी फर्स्ट बैंक से जुड़े फर्जी एफडी मामले में गिरफ्तारी।
HighLights
नलिनी मलिक सहित अन्य लोगों तक पहुंचाया गया पैसा।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुखविंदर सिंह की पहले हो चुकी गिफ्तारी।
बैंक अधिकारियों और रियल एस्टेट में निवेश की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। नगर निगम के 116 करोड़ रुपये के घोटाले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (सीएफओ) नलिनी मलिक को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी आईडीएफसी फर्स्ट बैंक से जुड़े फर्जी एफडी घोटाले से संबंधित है।
यह केस चंडीगढ़ पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा नगर निगम अधिकारियों की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था। शिकायत में 116 करोड़ रुपये की फर्जी एफडी तैयार किए जाने की बात सामने आई थी।
पुलिस ने अदालत को बताया कि आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के मैनेजर रिभव ऋषि ने नलिनी मलिक और क्रेस्ट के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुखविंदर सिंह के साथ मिलकर शेल कंपनियां बनाई थीं। इन कंपनियों के जरिए फर्जी एफडी तैयार कर भारी रकम का गबन किया गया।
बैंक अधिकारियों की भूमिका
जांच में सामने आया कि रिभव ऋषि 2023 से 2025 के बीच सेक्टर-32 स्थित आईडीएफसी फर्स्ट बैंक शाखा में ब्रांच मैनेजर था। आरोप है कि उसने नगर निगम के खातों को अपनी शाखा में खुलवाया और मिलीभगत से 116 करोड़ रुपये की फर्जी एफडी तैयार की।
इस मामले में बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर अभय कुमार की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है। वहीं, पूर्व बैंक अधिकारी सीमा धीमान का नाम भी एफआईआर में शामिल है।
रियल एस्टेट में लगाया गया पैसा
पुलिस के अनुसार, घोटाले की रकम को मास्टरमाइंड विक्रम वधवा की मदद से रियल एस्टेट में निवेश किया गया। फर्जी एफडी बैंक के कंप्यूटर सिस्टम के जरिए तैयार किए गए और रकम को फर्म खातों और नकद के जरिए नलिनी मलिक, सुखविंदर सिंह और उनके परिजनों सहित अन्य लोगों तक पहुंचाया गया।
पहले हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
इस मामले में पुलिस पहले ही क्रेस्ट के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुखविंदर सिंह और अकाउंटेंट साहिल कुक्कर को गिरफ्तार कर चुकी है। अब नलिनी मलिक की गिरफ्तारी भी जांच में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
ऐसे खुला घोटाला
यह घोटाला तब सामने आया जब नगर निगम अधिकारियों ने आईडीएफसी फर्स्ट बैंक से 116 करोड़ रुपये की एफडी को एन्कैश कराने का अनुरोध किया। ये एफडीआर चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड (सीएससीएल ) के बंद होने के दौरान ट्रांसफर किए गए फंड से तैयार किए गए थे।
जांच में बैंक स्टेटमेंट में संदिग्ध लेन-देन सामने आए और जो एफडी रिकॉर्ड में दिखाए जा रहे थे, वे बैंक के आधिकारिक रिकॉर्ड में मौजूद ही नहीं थे। इसके बाद अधिकारियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि नलिनी मलिक की गिरफ्तारी जांच में मिले सबूतों और अन्य आरोपियों के खुलासों के आधार पर की गई है। मामले में और भी लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।