पंजाब में हुए परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में CBI की जांच तेज, चारों आरोपितों को रिमांड पर लिया
सीबीआई ने परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में जांच तेज कर दी है, जिसमें चार आरोपितों को मोहाली कोर्ट में पेश ...और पढ़ें

परमिंदर सिंह झोटा हत्याकांड में सीबीआई जुटा रही अहम जानकारी। (फाइल फोटो)
HighLights
चारों आरोपितों की मोहाली की स्पेशल सीबीआई कोर्ट में पेशी।
तीन का पांच दिन और महिला का चार दिन का रिमांड मिला।
नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले झोटा की हुई थी हत्या।
जागरण संवाददाता, मोहाली। नशा और तस्करों के खिलाफ आवाज उठाने वाले सोशल एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने जांच तेज कर दी है।
शुक्रवार को मामले में चारों आरोपितों को कड़ी सुरक्षा के बीच मोहाली की स्पेशल सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने मुख्य आरोपित अश्विनी कुमार, विपिन गर्ग और लाडी सिंह को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया, जबकि नीलम रानी को चार दिन के रिमांड पर भेजने के आदेश दिए।
अब सीबीआई आरोपितों से पूछताछ कर मामले से जुड़े घटनाक्रम, भूमिका और अन्य अहम पहलुओं की जांच करेगी। परविंदर सिंह झोटा के परिवार ने हत्याकांड की स्वतंत्र जांच कराने की मांग उठाई थी। इसके बाद सीबीआई ने इस सप्ताह की शुरुआत में मामले की जांच अपने हाथ में लेते हुए नई एफआईआर दर्ज की।
जांच एजेंसी ने मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाने के लिए परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज करने और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल शुरू कर दी है। आरोपितों के पुलिस रिमांड के दौरान घटना से पहले और बाद के घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के साथ उनकी कथित भूमिका की जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें- खुद नशा करता था, दोस्त की मौत ने हिलाकर रख दिया... पढ़ें कैसे परविंदर सिंह झोटा बना पंजाब के युवाओं का रोल मॉडल
13 अक्टूबर को मारी थी गोली
परविंदर सिंह झोटा नशे के दुरुपयोग और नशीले पदार्थों की कथित अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान चलाता था। 13 अक्टूबर को मानसा में एक मेडिकल स्टोर पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
बताया गया कि मेडिकल स्टोर संचालक अश्विनी कुमार और झोटा के बीच नशीली दवाओं की बिक्री को लेकर विवाद हुआ था। कथित तौर पर विवाद बढ़ने के बाद मामला हिंसक हो गया और झोटा की हत्या कर दी गई। इस घटना में चार अन्य लोग भी घायल हुए थे।
यह भी पढ़ें- 'परविंदर सिंह झोटा को मिले शहीद का दर्जा', मानसा में पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद बोले राजा वड़िंग
अश्विनी को राजस्थान से किया था गिरफ्तार
मामले में अश्विनी कुमार को राजस्थान से गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई थी। वहीं, नीलम रानी, विपिन गर्ग और लाडी सिंह की कथित भूमिका की भी जांच की जा रही है। सीबीआई अब आरोपितों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों का मिलान करेगी। एजेंसी का प्रयास मामले की पूरी कड़ी को समझने और हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करने का होगा।
नशे के खिलाफ अभियान से चर्चा में थे झोटा
परविंदर सिंह झोटा नशे के खिलाफ अभियान चलाने के कारण चर्चा में रहा था। उसकी हत्या के बाद पंजाब में नशे के कारोबार और इसकी रोकथाम को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग भी उठी थी। परिवार की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग के बाद सीबीआई ने जांच संभाली है। फिलहाल चारों आरोपित पुलिस रिमांड पर हैं। जांच एजेंसी उनसे पूछताछ कर रही है।
