#Me Too: बैंक चीफ मैनेजर अश्लील मैसेज असिस्टेंट मैनेजर को भेजता था, करता था एेसी बातें
सरकारी बैंक से रिटायर्ड चीफ मैनेजर के खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस ने पूर्व महिला सहकर्मी को अश्लील मैसेज भेजने, परेशान करने और पीछा करने का केस दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : ट्राईसिटी में मी टू का नया मामला सामने आया है। बैंक का चीफ मैनेजर रमेश कुमार सैनी अपनी ही ब्रांच की असिस्टेंट चीफ मैनेजर को अश्लील मैसेज भेजता था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके खिलाफ अश्लील मैसेज भेजने, परेशान करने और पीछा करने का केस दर्ज किया है। फिलहाल, वह फरार बताया जा रहा है। महिला की शिकायत के अनुसार दोनों में पंचकूला में काम के दौरान जान-पहचान हुई थी। घर आना-जाना था। बाद में चीफ मैनेजर का ट्रांसफर पटियाला और उसका दूसरी जगह हो गया था। इसके बाद रमेश उसे वल्गर कॉल और मैसेज करके परेशान करने लगा। आरोपित रमेश अब रिटायर्ड है और आजकल फेज-3 अर्बन ईस्टेट पटियाला में रहता है।
जानकारी के अनुसार महिला असिस्टेंट चीफ मैनेजर और चीफ मैनेजर की जान पहचान पंचकूला में तैनाती के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे उनके पारिवारिक संबंध भी बन गए। दोनों परिवार एक-दूसरे से शादी व अन्य समारोह में भी मिलने लगे। बाद में दोनों अफसरों का अलग-अलग जगह पर ट्रांसफर हो गया। शिकायत के अनुसार ट्रांसफर के बाद रमेश महिलाकर्मी को कॉल करने लगा। उसने वल्गर बातें करनी शुरू की। महिला के विरोध करने पर उसने अश्लील मैसेज भेजना और पीछा करना शुरू कर दिया।
जब वह नहीं माना तो थक-हार कर पीड़िता ने मनीमाजरा थाना पुलिस में लिखित शिकायत दी। पुलिस के अनुसार मामले में केस दर्ज करने के बाद आरोपित रिटायर्ड चीफ मैनेजर रमेश कुमार सैनी के घर पर छापामारी की गई। लेकिन, वह फरार हो चुका है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।