विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, केस दर्ज होते ही पति हुआ फरार
मुकंदपुर में 35 वर्षीय विवाहिता मोनिका की संदिग्ध हालात में मौत के चौथे दिन पुलिस ने उसके पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
संवाद सहयोगी, डेराबस्सी। मुकंदपुर में 35 वर्षीय विवाहिता मोनिका की संदिग्ध हालात में मौत के चौथे दिन पुलिस ने उसके पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। ये केस उसी घर में विवाहित मोनिका की बड़ी बहन सीमा की शिकायत पर हुआ है। सीमा ने आरोप लगाया कि पति-पत्नी में अकसर घरेलू तकरार होती रहती थी। इसी के चलते उसकी छोटी बहन मोनिका का उसके पति ने 24 अप्रैल की दोपहर को किसी चीज के प्रहार कर कत्ल कर दिया।
बता दें कि पीडि़त महिला को जब तक डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया था तो वह दम तोड़ चुकी थी। उसके सिर पर चोट का निशान देख डॉक्टर्स ने पुलिस को सूचित किया, जिसपर महिला के शव को दोबारा गांव से अस्पताल लाया गया। मृतका के ससुरालिया और मायके वालों की रजामंदी के बाद पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम के शव वारिसों के हवाले कर दिया था। जांच अधिकारी एएसआइ कुलदीप सिंह ने बताया कि मामला शकी था, पर दोनों परिवारों की रजामंदी शव बिना पोस्टमार्टम के वारिसों के हवाले कर दिया गया था। अब थाना प्रभारी बिक्रमजीत को दिए बड़ी बहन सीमा के बयानों के बाद मोनिका के पति दविंदर के खिलाफ पत्नी की बेरहमी से हत्या करने और सुबूत मिटाने के आरोप में आइपीसी 302 और 201 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपित फिलहाल फरार है।